खेल डेस्क : ईरान की राष्ट्रीय फ़ुटबॉल टीम को फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप 2026 के लिए अमेरिका का वीज़ा मिल चुका है. अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने बताया, “इस टीम के खिलाड़ियों और सहयोगियों को वीज़ा जारी कर दिया गया है.” अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने यह भी कहा, “हम ईरान को इस प्रणाली का दुरुपयोग करके आतंकवादियों को झूठे आवरण में अमेरिका में प्रवेश कराने की इजाज़त नहीं देंगे.”
इससे पहले, ईरानी समाचार एजेंसी तस्नीम ने रिपोर्ट दी थी कि उत्तरी अमेरिका में होने वाले विश्व कप के लिए ईरानी राष्ट्रीय फ़ुटबॉल टीम के कुछ साथियों को अमेरिका में जाने के लिए वीज़ा नहीं दिया गया है.
इसे भी पढ़ें : नॉर्वे चेस टाइटल जीतने वाले पहले भारतीय बने प्रज्ञानानंद, पीएम मोदी और सीएम विजय ने दी बधाई
मीडिया संस्थान के मुताबिक़, टीम मैनेजर मेहदी मोहम्मद नबी, फ़ुटबॉल महासंघ के महासचिव हेदायत मोमबेनी, राष्ट्रीय टीम के कार्यकारी प्रबंधक मेहदी खराती, मीडिया प्रबंधक मोहसिन मोतेमदकिया, मीडिया टीम के सदस्य सियामक क़ोलिचखानी, राष्ट्रीय टीम के एक विश्लेषक, विदेश मंत्रालय के प्रतिनिधि, सुरक्षा विभाग के प्रतिनिधि तथा फुटबॉल महासंघ की अंतरराष्ट्रीय समिति के प्रतिनिधि को वीज़ा नहीं दिया गया है.
समाचार एजेंसी मीज़ान ने भी बताया है कि ईरानी फ़ुटबॉल महासंघ के अध्यक्ष मेहदी ताज को भी अमेरिकी वीज़ा नहीं मिला है. ईरानी पुरुष राष्ट्रीय फ़ुटबॉल टीम शनिवार को तुर्की से मेक्सिको के लिए रवाना होने वाली है. न्यूज़ीलैंड और बेल्जियम के ख़िलाफ़, ईरान दो मैच लॉस एंजेलिस में और मिस्र के ख़िलाफ़ मैच सिएटल शहर में आयोजित किए जाएंगे.


