न्यूज डेस्क : हिमाचल प्रदेश के पांगी और लाहौल-स्पीति ज़िलों के सीमावर्ती क्षेत्र कड़ू नाला में शुक्रवार को हुए भूस्खलन से 13 लोगों की मौत हो गई. मिली जानकारी के अनुसार कुल्लू से पांगी की ओर आ रही एक टाटा सूमो टैक्सी (एचपी-01एम-2210) अचानक पहाड़ी से गिरी भारी भरकम चट्टानों की चपेट में आ गई। घटना के समय वाहन में ड्राइवर सहित 13 लोग सवार थे, जिनकी इस दुःखद घटना में मौत हो गई है।
Highlights:
इसे भी पढ़ें : बिहार भेजी जा रही 18 पेटी अंग्रेजी शराब जब्त, दो कारों संग तीन तस्कर गिरफ्तार
कई दिनों से रास्ता था बंद
बताया जा रहा है कि उदयपुर-किलाड़ मार्ग पिछले दिन बंद होने के कारण सभी यात्री तिंदी में रुके हुए थे। शुक्रवार को मार्ग खुलने के बाद वाहन पांगी के लिए रवाना हुआ, लेकिन कडू नाला के पास अचानक पहाड़ी से भारी मलबा और पत्थर गिरने से टैक्सी उसकी चपेट में आ गई। घटना के तुरंत बाद सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के कर्मचारियों ने राहत कार्य शुरू किया।
मृतकों की पहचान
प्रशासन की ओर से मृतकों की पहचान को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। हादसे की सूचना मिलते ही लाहुल पुलिस, तिंदी थाना पुलिस, उदयपुर प्रशासन, जिला उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक सहित विभिन्न एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंच गईं।
सीएम ने घटना पर जताया दुःख
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने एक्स पर पोस्ट कर इस घटना पर दुख जताया. उन्होंने लिखा, “एक टाटा सूमो गाड़ी पर चट्टान गिरने से 13 लोगों की मौके पर ही मृत्यु और दो लोगों के घायल होने का समाचार सुनकर मन बहुत ज़्यादा दुखी है. अपने प्रियजन को खोने का दुख शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता. इस कठिन घड़ी में मेरी गहरी संवेदनाएं शोकाकुल परिवारों के साथ हैं. ईश्वर दिवंगत जनों की आत्मा को अपने चरणों में स्थान दें और शोक-संतप्त परिजनों को इस असहनीय पीड़ा को सहने का संबल एवं शक्ति प्रदान करें.”
मुख्यमंत्री ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने उपायुक्त लाहौल एवं स्पीति से बात कर दोनों घायलों के बेहतर उपचार के निर्देश दिए हैं. उन्होंने बताया कि उपायुक्त स्वयं घटनास्थल पर पहुंच रही हैं. मुख्यमंत्री ने ईश्वर से घायलों के शीघ्र और पूर्ण स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना की.


