हजारीबाग : हजारीबाग पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बिहार भेजी जा रही 18 पेटी अंग्रेजी शराब की खेप जब्त कर ली। इस दौरान शराब की ढुलाई में प्रयुक्त दो कारों को भी जब्त किया गया, जबकि मौके से तीन तस्करों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सोनू कुमार दास (35), आशीष कुमार (20) और संतोष कुमार यादव (20) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों कारों और पूरी शराब की खेप को जब्त कर लिया है।
इसे भी पढ़ें: राहुल दुबे गैंग से तड़के मुठभेड़, गोली लगते ही ढेर हुई दहशत, राहुल दुबे गिरोह के दो गुर्गे गिरफ्तार
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि अंबाजीत जाने वाले मार्ग पर एक सफेद रंग की कार से लाई गई अवैध शराब दूसरी कार में लोड कर बिहार भेजने की तैयारी चल रही है। सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने कमलवार मोड़ से आगे अंबाजीत रोड पर घेराबंदी कर दबिश दी।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने देखा कि दो कारों के बीच शराब की पेटियां उतारी-चढ़ाई जा रही थीं। पुलिस को देखते ही तस्कर भागने लगे, लेकिन जवानों ने तत्परता दिखाते हुए तीनों को मौके पर ही दबोच लिया। तलाशी में दोनों वाहनों से ऑफिसर्स चॉइस ब्रांड की 18 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसमें 180 एमएल की 864 बोतलें शामिल हैं।


