रांची: झारखंड में शिक्षक प्रशिक्षण संस्थानों में नामांकन के लिए आयोजित होने वाली संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा रविवार यानी 31 मई को आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा के माध्यम से बीएड, एमएड और बीपीएड पाठ्यक्रमों में दाखिला दिया जाएगा। इस बार परीक्षा में 45 हजार से अधिक अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है।
Highlights:
Air Now के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें:-
JCECEB कराएगा परीक्षा का आयोजन
परीक्षा का संचालन झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद (JCECEB) द्वारा किया जा रहा है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार परीक्षा सुबह 10:30 बजे शुरू होगी और दोपहर 12:30 बजे तक चलेगी। परीक्षार्थियों को सुबह 9 बजे से परीक्षा केंद्रों में प्रवेश दिया जाएगा। वहीं परीक्षा शुरू होने से 15 मिनट पहले केंद्र के प्रवेश द्वार बंद कर दिए जाएंगे। ऐसे में अभ्यर्थियों को समय से पहले केंद्र पहुंचने की सलाह दी गई है।
राज्यभर में बनाए गए 94 परीक्षा केंद्र
संयुक्त प्रवेश परीक्षा के लिए पूरे राज्य में कुल 94 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें राजधानी रांची में सबसे अधिक 30 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इसके अलावा धनबाद, जमशेदपुर, बोकारो, दुमका, पलामू, हजारीबाग और चाईबासा में भी परीक्षा आयोजित होगी। प्रशासन की ओर से परीक्षा को शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त कराने की तैयारी पूरी कर ली गई है।
ऑफलाइन मोड में होगी परीक्षा
इस बार परीक्षा ऑफलाइन मोड में आयोजित की जाएगी। अभ्यर्थियों को OMR शीट पर उत्तर अंकित करने होंगे। प्रश्नपत्र में कुल 100 वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रत्येक सही उत्तर के लिए एक अंक दिया जाएगा, जबकि गलत उत्तर देने पर 0.25 अंक की निगेटिव मार्किंग भी होगी। परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को निर्देश दिया गया है कि वे सावधानीपूर्वक उत्तर भरें।
मेरिट के आधार पर मिलेगा नामांकन
प्रवेश परीक्षा के परिणाम के आधार पर मेरिट सूची तैयार की जाएगी। इसी मेरिट सूची के अनुसार अभ्यर्थियों को राज्य के सरकारी और निजी शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालयों में प्रवेश दिया जाएगा। शैक्षणिक सत्र 2026-28 के लिए राज्य के 136 बीएड कॉलेजों में लगभग 13,600 सीटें उपलब्ध हैं।
अभ्यर्थियों को दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह
परीक्षा पर्षद ने सभी अभ्यर्थियों से एडमिट कार्ड और वैध पहचान पत्र साथ लाने को कहा है। परीक्षा केंद्रों में मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट और अन्य प्रतिबंधित वस्तुएं ले जाने पर रोक रहेगी। पर्षद ने अभ्यर्थियों से समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने और सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
यह भी पढ़ें: दिल्ली में ISI और अंडरवर्ल्ड से जुड़े 9 आतंकी गिरफ्तार, एयरपोर्ट और पावर प्लांट उड़ाने की थी साजिश


