जमशेदपुर : जमशेदपुर में बढ़ते अपराध और हिमांशु सिंह हत्याकांड के विरोध में भाजपा की ओर से शुक्रवार 3 जुलाई को बुलाए गए जमशेदपुर बंद का शहर भर में व्यापक असर देखने को मिला. सुबह से ही शहर के प्रमुख बाजार, व्यावसायिक प्रतिष्ठान और पेट्रोल पंप पूरी तरह बंद रहे. बंद के कारण आम जनजीवन प्रभावित रहा और कई इलाकों में सड़कों पर सन्नाटा पसरा दिखाई दिया. किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।
Highlights:
इसे भी पढ़ें: जेपीएससी ने जारी किया प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम, 3 जुलाई से मुख्य परीक्षा के लिए आवेदन
हिरासत में लिए गए भाजपा नेता
संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है, जबकि प्रमुख चौक-चौराहों और बाजारों में लगातार गश्त की जा रही है। इधर बंद को सफल बनाने के लिए भाजपा कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए और विभिन्न इलाकों में सक्रिय दिखे। बंद के मद्देनजर पूरे शहर में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है। वहीं, कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस ने कई भाजपा नेताओं को उनके घरों से ही एहतियातन हिरासत में ले लिया।
जदयू विधायक सरयू राय की अपील
हिमांशु सिंह हत्याकांड के विरोध में शुक्रवार को आयोजित जमशेदपुर बंद के दौरान जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय स्वयं सड़क पर उतरे। इस दौरान सरयू राय ने लोगों से शांतिपूर्ण ढंग से बंद में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि यह आंदोलन न्याय और कानून-व्यवस्था के सवाल से जुड़ा है। उन्होंने आम नागरिकों से शांति बनाए रखते हुए बंद को सफल बनाने का आग्रह किया। उन्होंने जनता दल (यूनाइटेड) और भारतीय जनता पार्टी के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के साथ शहर के विभिन्न इलाकों का दौरा कर बंद का समर्थन जुटाया।




