न्यूज डेस्क: बिहार में भीषण गर्मी, उमस और तपते मौसम के कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था इसी बीच बिहारवासियों को गर्मी से राहत मिलने वाली है. राज्य में अब मानसून की दस्तक का इंतजार खत्म हो गया है. मौसम विभाग के अनुसार, इस बार बिहार में मानसून सामान्य तारीख से कुछ दिन बाद पहुंचेगी, लेकिन जून के तीसरे सप्ताह से बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती है. ऐसी स्थिति में किसान और आमजन की निगाहें आसमान पर टिकी हैं.
Highlights:
15 जून से प्रवेश होगा मानसून
बिहार में दक्षिण-पश्चिम मानसून 15 जून के आसपास प्रवेश करता है, लेकिन इस बार इसकी रफ्तार थोड़ी धीमी होगी. विभाग ने अनुसार, राज्य में मानसून 18-20 जून के बीच दस्तक दे सकता है. इसके पहले ही कई जिलों में प्री-मानसून बारिश और बादलों की आवाजाही देखने को मिलेगी. सबसे पहले मानसून की एंट्री पूर्वी सीमावर्ती इलाकों में होगी. जिसके बाद बंगाल की खाड़ी से आने वाली मानसूनी हवाएं सबसे पहले सीमांचल क्षेत्र में पहुंचती हैं. अनुमान है कि पूर्णिया, किशनगंज, अररिया और कटिहार में 18-20 जून के बीच मानसून सक्रिय होगा.
इसे भी पढ़े: NALCO में विभिन्न पदों पर सरकारी नौकरी पाने का मौका, 10 जून तक ऐसे करें अप्लाई
गर्मी और उमस से मिलेगी राहत
मौसम विभाग के संभावित कार्यक्रम के अनुसार, राजधानी पटना और गया में मानसून 22 जून के आसपास पहुंचेगा. इसके बाद धीरे से राज्य के अन्य हिस्सों में बारिश का दायरा बढ़ेगा. मौसम विशेषज्ञों ने कहा कि परिस्थितियां अनुकूल रहीं तो अच्छी बारिश की शुरुआत होगी. बिहार के उत्तर-पश्चिम जिले सीवान, सारण, छपरा, गोपालगंज और आसपास के क्षेत्रों में 24 जून को मानसून की अच्छी बारिश शुरू हो सकती है. इससे लंबे समय से जारी भीषण गर्मी और उमस से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी.
किसानों को मानसून का इंतजार
अनुमान है कि यदि मौसम की परिस्थितियां सामान्य रहीं तो 25 जून तक मानसून पूरे बिहार में फैल जाएगी. जिसके बाद तापमान में गिरावट आएगी और गर्म हवाओं से राहत मिलेगी. धान सहित खरीफ मौसम की अधिकांश फसलें मानसून पर निर्भर करती हैं. जिसके लिए किसान मानसून का बेसब्री से इंतजार कर रहे है. अच्छे और समय पर बारिश होने पर धान की रोपाई और अन्य कृषि कार्यों की गति में तेजी आएगी.


