रांची : बोकारो जिले के बेरमो की 4 माह की एक गर्भवती महिला अनीता देवी की निर्मम हत्याकांड को लेकर झारखंड भाजपा के तेवर काफी तल्ख हैं। भारतीय जनता पार्टी इस मामले को लेकर काफी गंभीर है और प्रदेश भाजपा इस मामले को अंजाम तक पहुंचाने को लेकर प्रतिबद्ध दिख रही है। इसी मामले को लेकर पार्टी के प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने पार्टी के प्रदेश कार्यालय रांची में प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए कहा है कि उक्त मामले में भारतीय जनता पार्टी के दबाव में आनन फानन में पुलिस द्वारा 6 लोगों की गिरफ्तारी हुई है जो नाकाफी है।
इसे भी पढ़ें : जमशेदपुर में धारदार हथियार से युवक की हत्या, CCTV फुटेज से होगी आरोपियों की पहचान
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार, स्थानीय डीसी, एसपी, स्थानीय कांग्रेस विधायक के इशारे पर मामले को मैनेज करने का हरसंभव प्रयास किया गया और जब भाजपा ने बोकारो चक्का जाम का अल्टीमेटम दिया तब स्थानीय पुलिस कुछ नामजद लोगों की गिरफ्तारी दिखाकर अपना दामन बचाने का असफल प्रयास कर रही है।
अमर बाउरी ने कहा कि इस मामले में शामिल मुख्य सरगना को अविलंब गिरफ्तार करने, पीड़ित परिवार को 25 लाख रुपए मुआवजा देने, इस घटना में शामिल दोषी पुलिस अधिकारी एवं निष्पक्ष पोस्टमार्टम प्रक्रिया को खराब करने, उसमें बाधक बनने वाले मेडिकल कर्मियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग भाजपा करती है। साथ ही भाजपा ने बोकारो के डीसी, एसपी, स्थानीय थानों की भूमिका की जांच की भी मांग की है। कहा कि यहां के पूरे तंत्र और संगठित गिरोह की जांच होनी चाहिए जो कांग्रेस पार्टी और उनके विधायक के संरक्षण में राज्य सरकार की देख रेख में फल फूल रहा है।
प्रदेश महामंत्री ने कहा कि बीजेपी इस पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए पूरी ताकत के साथ खड़ी है। पार्टी के लोग एक जून को फिर पीड़ित परिवार से मिलने जाएंगे। प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने साफ कहा है कि इस लड़ाई को अंजाम तक लेकर जाएंगे और जरूरत पड़ी तो अनुसूचित जाति आयोग को भी लिखित रूप से सूचित किया जाएगा।
अमर बाउरी ने कहा कि बोकारो में सरकार और पुलिस प्रशासन के संरक्षण में एक संगठित गिरोह चल रहा है जिसमें कई सफेदपोश भी शामिल हैं। इस गिरोह के लोग गरीबों को मोहरा बनाकर अपनी रोटी सेंकने का काम कर रहे हैं। बेरमो की यह घटना उसी का वीभत्स चेहरा है। इस दौरान प्रदेश मीडिया सह प्रभारी योगेन्द्र प्रताप सिंह, प्रदेश प्रवक्ता राफिया नाज एवं एससी मोर्चा के प्रवक्ता राकेश भी प्रेसवार्ता के दौरान मौजूद थे।


