पलामू : झारखंड के पलामू जिले के पीपरा थाना क्षेत्र के मधुबाना गांव में सोमवार दोपहर पुरानी रंजिश के चलते दिनदहाड़े एक व्यक्ति की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान प्रभु रजवार (50) के रूप में हुई है। इस संबंध में पुलिस ने बताया कि प्रभु रजवार पंचायत भवन के समीप बरगद के पेड़ के नीचे ताश खेल रहे थे। इसी दौरान गांव का ही रमेश सिंह उर्फ तलाबू वहां पहुंचा और बलुआ से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
Highlights:
इसे भी पढ़ें : नीट विरोध प्रदर्शन: 26 जुलाई शाम 6 बजे तक दर्ज सभी एफ़आईआर वापस लेगी बिहार सरकार, सीजेपी ने ये कहा
मौके से आरोपी फरार
घटना में गंभीर रूप से घायल प्रभु रजवार को अनुमंडलीय अस्पताल छतरपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि घटना के बाद आरोपी फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पीपरा थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। इस बीच, पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि “पुलिस मामले में छानबीन कर रही है, आरोपी की तलाश में पुलिस है।
आत्महत्या दिखाने की साजिश नाकाम
इधर जिले के पिपराटांड़ थाना क्षेत्र में विवाहिता की हत्या कर उसे आत्महत्या का रूप देने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए पति सतीफ अंसारी (21) को गिरफ्तार कर लिया है। लेस्लीगंज के एसडीपीओ प्रशांत कुमार ने घटना के संबंध में सोमवार को बताया कि वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर हुई जांच और पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
एसडीपीओ के अनुसार घटना के दिन पति-पत्नी के बीच बाहर कमाने जाने को लेकर विवाद हुआ था। गुस्से में आकर आरोपी ने पहले पत्नी रुकेजा खातून की पिटाई की, फिर जबरन उसके मुंह में कीटनाशक डाल दिया और गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद वारदात को आत्महत्या साबित करने के लिए शव को घर की छत की कड़ी से रस्सी के सहारे लटका दिया।
उन्होंने बताया कि मृतका के पिता की शिकायत पर दर्ज प्राथमिकी के बाद पुलिस ने गहन जांच की, जिसमें हत्या की पुष्टि हुई। आरोपी पति को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि मामले में नामजद अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच जारी है।
वज्रपात से 12वीं के छात्र की मौत
इधर जिले के तरहसी थाना क्षेत्र के भालोगाड़ी गांव में सोमवार दोपहर आकाशीय बिजली गिरने से 19 वर्षीय 12वीं के छात्र लड्डू कुमार की मौत हो गई। वह अपने खेत में बादाम की फसल लगा रहे थे। इसी दौरान बारिश शुरू होने पर खेत से निकलने के क्रम में वज्रपात की चपेट में आ गए।
परिजन उन्हें इलाज के लिए मेदिनीनगर स्थित जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। इसकी पुष्टि सिविल सर्जन डाॅ अनिल कुमार श्रीवास्तव ने की है।


