पटना: 30 जुलाई को होने वाले उपचुनाव को लेकर बिहार के बांकीपुर विधानसभा सीट पर चुनाव प्रचार का शोर आज शाम थम जाएगा। उपचुनाव को लेकर मतदान से पहले बीजेपी, राजद और जन सुराज पार्टी ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। बीजेपी ने जहां अपने स्टार प्रचारकों की फौज उतार दी है, वहीं राजद नेता तेजस्वी यादव भी बीते दो दिनों से चुनाव मैदान में सक्रिय दिख रहे हैं। वहीं जन सुराज के संस्थापक व उम्मीदवार प्रशांत किशोर भी लगातार इलाके में घूमकर मतदाताओं से सीधा संवाद कर रहे हैं।
Highlights:
इसे भी पढ़ें : नीट विरोध प्रदर्शन: 26 जुलाई शाम 6 बजे तक दर्ज सभी एफ़आईआर वापस लेगी बिहार सरकार, सीजेपी ने ये कहा
बीजेपी ने झोंकी पूरी ताकत
चुनाव प्रचार के अंतिम दौर में बीजेपी ने अपने प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा के समर्थन में पूरी ताकत लगा दी है। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और जेडीयू के कार्यकारी उपाध्यक्ष संजय झा समेत कई बड़े नेता इलाके में लगातार सक्रिय हैं। वहीं केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह और नित्यानंद राय के अलावा भोजपुरी कलाकार व विधान पार्षद पवन सिंह और सांसद मनोज तिवारी भी रोड शो कर चुके हैं।
दूसरी तरफ, जन सुराज के प्रशांत किशोर अकेले ही चुनाव प्रचार की कमान संभालते दिख रहे हैं। वे चाय पर चर्चा और पैदल यात्राओं के जरिए मतदाताओं तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं। वहीं आरजेडी प्रत्याशी रेखा गुप्ता के समर्थन में तेजस्वी यादव और महागठबंधन के नेता शहरी मध्यवर्ग के साथ दलित और अल्पसंख्यक इलाकों में जनसभाएं कर रहे हैं।
परंपरागत वोट बैंक पर निर्भर बीजेपी
बांकीपुर पिछले तीन दशकों से बीजेपी का मजबूत किला रहा है और उसका भरोसा पारंपरिक वोट बैंक, संगठन की ताकत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चेहरे पर है। पार्टी स्थानीय स्तर पर हुए विकास कार्यों को भी चुनावी मुद्दा बना रही है। बीजेपी का जोर इस बात पर है कि क्षेत्र में विकास की रफ्तार को बनाए रखने के लिए मतदाता उसके साथ खड़े रहें।
वहीं प्रशांत किशोर खुद को बीजेपी और आरजेडी के बीच एक नए विकल्प के तौर पर पेश कर रहे हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और पलायन जैसे मुद्दों को लेकर पार्टी मतदाताओं को आकर्षित करने की कोशिश में है। जबकि राजद बेरोजगारी, महंगाई और सामाजिक न्याय के मुद्दे पर बीजेपी के खिलाफ माहौल बनाने में जुटी है।
जलजमाव, जाम जैसे मुद्दों पर मौन
बांकीपुर में आज भले ही चुनाव प्रचार का शोर थम जाएगा लेकिन आम मतदाताओं के रोजमर्रा से जुड़ी समस्याओं पर सभी प्रमुख दल मौन दिख रहे हैं. बोरिंग रोड, नाला रोड, दरियापुर गोला, कदमकुआं और आसपास के इलाकों में जलजमाव, ट्रैफिक और पार्किंग की समस्या लोगों की नाराजगी की वजह बनी हुई है।
स्थानीय लोगों की शिकायत है कि बारिश के दौरान कई इलाकों में जलनिकासी की समस्या गंभीर हो जाती है। इसी तरह नालों की सफाई और ड्रेनेज व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठते रहे हैं। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह है कि बांकीपुर का वोटर किस मुद्दे पर बटन दबाएगा? चुनावी सभाओं में राष्ट्रवाद, विकास, रोजगार और सामाजिक न्याय जैसे मुद्दे हावी हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर मतदाताओं की प्राथमिकताएं कुछ और नजर आ रही हैं।
नीतीश कुमार की अपील
पूर्व मुख्यमंत्री व जदयू अध्यक्ष नीतीश कुमार ने सोमवार को एक वीडियो संदेश के जरिए मतदाताओं से एनडीए उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा के पक्ष में मतदान करने की अपील की है। नीतीश कुमार ने कहा कि पिछले 2 दशकों में जनता के भरोसे, सहयोग और आशीर्वाद से उनकी सरकार ने पूरी ईमानदारी के साथ न्याय के साथ सुशासन और विकास के लिए लगातार काम किया है।
‘बिहार के विकास की इस गति को बनाए रखने और विकसित बिहार के संकल्प को पूरा करने के लिए आपका हर एक वोट बेहद महत्वपूर्ण है। मैं सभी मतदाताओं से आग्रह करता हूं कि वे NDA के युवा उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा को अपना आशीर्वाद दें और उन्हें भारी मतों से विजयी बनाएं।’
वहीं, भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी मतदाताओं से NDA उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा के समर्थन में मतदान करने की अपील की। उन्होंने नीरज सिन्हा को पार्टी का समर्पित और जमीनी कार्यकर्ता बताया।


