धनबाद : झारखंड के कोयलांचल नगरी धनबाद में मंगलवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित अवैध कोयला कारोबार, परिवहन, भंडारण और उससे अर्जित संपत्तियों की जांच के तहत कोयला कारोबारियों एवं आउटसोर्सिंग से जुड़े लोगों के 25 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की। सुबह करीब 7 बजे ईडी के अधिकारी केंद्रीय सुरक्षा बलों के साथ कारोबारियों के चिन्हित आवासों और कार्यालयों पर पहुंचे। टीम के पहुंचते ही सुरक्षा बलों ने संबंधित परिसरों को अपने कब्जे में लेकर प्रवेश और निकास पर निगरानी बढ़ा दी, जिसके बाद तलाशी अभियान शुरू किया गया।
Highlights:
इसे भी पढ़ें : JPSC, JSSC विवाद पर 29 व 30 जुलाई को सड़क पर उतरेंगे छात्र, 6 अगस्त को विधानसभा घेराव का ऐलान
इन प्रमुख लोगों के ठिकानों पर रेड
कार्रवाई की जद में बड़े कोयला कारोबारी एलबी सिंह, अनिल गोयल, गणेश यादव, पप्पू मंडल, अनूप चौहान, हरेंद्र चौहान, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी रोहित यादव सहित उनके सहयोगियों के ठिकाने शामिल हैं। इसके अलावा शेखर यादव और आलोक समेत कई अन्य व्यावसायिक सहयोगियों के परिसरों की भी तलाशी ली जा रही है।
डिप्टी मेयर के घर भी पहुंची ईडी
धनबाद के लोयाबाद थाना क्षेत्र के कनकनी स्थित डिप्टी मेयर अरुन कुमार चौहान और उनके भाई जेएमएम नगर समिति के उपाध्यक्ष हरेंद्र चौहान के घर पर मंगलवार की सुबह ईडी की रेड हुई. टीम तीन गाड़ियों से यहां पहुंची थी. टीम की गाड़ियों में बंगाल का नंबर था और इनमें इनकम टैक्स डिपार्टमेंट का बोर्ड लगा था. टीम में शामिल पदाधिकारी घर में कागजातों की जांच कर रहे हैं.
महिलाओं का विरोध
ईडी की कार्रवाई के दौरान घर की महिलाओं को घर के अंदर जाने से रोकने पर महिलाओ ने विरोध जताया. घर की महिलाएं आरोप लगा रही थी कि ईडी के अधिकारी घर में कुछ बैग और झोला लेकर गए हैं, घर के अंदर कुछ अवैध सामग्री रखकर फंसाया जा सकता है. जिसके बाद तीन गाड़ियों से ईडी के अधिकारी फिर वहां पहुंचे. इधर ईडी के अधिकारी मामले में कुछ भी नहीं बोलने से बच रहे हैं। ईडी की रेड की खबर से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है.


