देवघर : देवघर में चोरों ने चोरी की हद ही पार कर दी। एक-दो नहीं, पांच चोर पहुंचे और पूरा का पूरा SBI का एटीएम ही उखाड़ ले गए। नंदन पहाड़ स्थित नदी सेवा आश्रम के बाहर रात के अंधेरे में चोरों ने पहले एटीएम का शटर तोड़ा, फिर मशीन को उखाड़ा और जाइलो कार पर लादकर ऐसे फरार हुए, मानो कोई सामान लेकर जा रहे हों। सुबह स्थानीय लोगों ने जब एटीएम का शटर टूटा और मशीन गायब देखी तो इलाके में सनसनी फैल गई।
इसे भी पढ़ें : OBC आरक्षण की मांग पर झारखंड के 5 जिलों गुमला, सिमडेगा, खूंटी, रांची और लोहरदगा में बंद, आवागमन प्रभावित
इधर एटीएम चोरी की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। वारदात का तरीका देखकर पुलिस भी हैरान रह गई। घटना के बाद देवघर पुलिस संभावित ठिकानों पर सुबह से छापेमारी कर रही है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के जरिए पांचों चोरों की पहचान और उनकी जाइलो कार के भागने का रूट तलाशा जा रहा है।


