न्यूज डेस्क : भारत के विदेश मंत्रालय ने ब्लैक सी में कमर्शियल जहाज़ पर हुए हमलों की कड़ी निंदा की है. विदेश मंत्रालय ने कहा है कि इन घटनाओं में भारतीय नागरिक भी प्रभावित हुए हैं. मंत्रालय ने बताया कि टोगो के झंडे वाले अल्फा वतन, पलाऊ झंडे वाले एबल और लाइबेरिया के झंडे वाले अफ्रामैक्स रियो जहाज़ों पर हमले हुए हैं.
इसे भी पढ़ें: Hanuman Ansh ने 62वें दिन भी बॉक्स ऑफिस पर मचाया धमाल, Drishyam 3 की रिलीज के बाद भी नहीं थमी कमाई
विदेश मंत्रालय के अनुसार, जहाज़ एबल पर कुल चालक दल के 18 सदस्य सवार थे, जिनमें 7 भारतीय नागरिक शामिल हैं. हमले में एक भारतीय नागरिक घायल हो गया है. बुल्गारिया के अधिकारियों की सहायता से सभी चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित निकाल लिया गया है और उन्हें बुल्गारिया के वार्ना शहर में ठहराया गया है. घायल भारतीय नागरिक का आवश्यक चिकित्सा उपचार किया जा रहा है. भारत सरकार ने सहायता के लिए बुल्गारियाई अधिकारियों का आभार व्यक्त किया है.
मंत्रालय ने बताया कि अफ्रामैक्स रियो जहाज़ पर सवार चालक दल के सभी 23 सदस्य भारतीय नागरिक हैं और उन्हें सुरक्षित बचा लिया गया है. हालांकि, अल्फा वतन जहाज़ के चालक दल के बारे में अभी जानकारी का इंतज़ार किया जा रहा है.
विदेश मंत्रालय ने कहा कि कमर्शियल जहाज़ों पर लगातार हो रहे हमले भारत के लिए गहरी चिंता का विषय हैं. भारत ने एक बार फिर ऐसे हमलों को तत्काल बंद करने की अपील की है. मंत्रालय के अनुसार, क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनाए रखने के लिए कमर्शियल जहाज़ों, नाविकों और सिविलियन इंफ़्रास्ट्रक्चर को निशाना बनाने की घटनाएं फौरन समाप्त होनी चाहिए. भारत ने अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और नाविकों की रक्षा के महत्व पर भी जोर दिया है.


