न्यूज डेस्क : दिल्ली के सीमापुरी इलाक़े में बुधवार को एक बहुमंज़िला इमारत गिर गई. फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है. स्थानीय विधायक ने बताया कि अभी भी मलबे में छह से सात लोगों के दबे होने की आशंका है. इस संबंध में आम आदमी पार्टी के विधायक वीर सिंह धींगान ने बताया कि उन्हें साढ़े तीन बजे के करीब सीमापुरी से फोन आया था कि एक इमारत ढह गई है. उन्होंने तुरंत 112 पर कॉल किया और डीसीपी को भी इसकी जानकारी दी.
इसे भी पढ़ें : दिल्ली में SIR को लेकर चुनाव आयोग ने कहा – कोई भी पात्र मतदाता वोटर लिस्ट से बाहर नहीं रहेगा
विधायक के मुताबिक, अब तक करीब छह से सात लोगों को मलबे से ज़िंदा निकाला जा चुका है और राहत-बचाव का काम अभी जारी है. फ़िलहाल किसी की मौत की पुष्टि नहीं हुई है. उन्होंने बताया कि यह करीब पांच से छह मंज़िला इमारत थी, जो लगभग 25 गज के प्लॉट पर बनी थी और करीब एक-दो साल पुरानी बताई जा रही है. उनके मुताबिक, इमारत में एक मुस्लिम परिवार रहता था.
शाहदरा डीसीपी आरपी मीणा ने बताया कि पांच से छह लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. उन्होंने कहा कि फिलहाल बचावकार्य जारी है. हालांकि, मलबे से निकाले गए छह से सात लोग उसी परिवार के हैं या अलग-अलग परिवार के हैं, इसकी अभी जानकारी नहीं है. वीर सिंह धींगान ने कहा कि नगर निगम के अधिकारियों की मंज़ूरी के बिना ऐसी इमारत का निर्माण नहीं हो सकता.उन्होंने कहा कि इलाक़े की सभी इमारतों का सर्वे किया जाना चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके.


