रांची: बोकारो जिले के पिंडराजोरा थाना क्षेत्र से लड़कियों के लापता होने के मामलों को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। 18 वर्षीय पुष्पा कुमारी के गायब होने के मामले में झारखंड हाईकोर्ट द्वारा बोकारो पुलिस को फटकार लगाए जाने के बीच अब इसी थाना क्षेत्र से जुड़ा एक और मामला सामने आया है।
Highlights:
इस बार 16 अक्टूबर 2020 से लापता 14 वर्षीय बालिका की मां ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। लापता नाबालिग की मां उषा झा ने झारखंड हाईकोर्ट में हेबियस कॉर्पस याचिका दायर कर अपनी बेटी की बरामदगी की मांग की है। याचिका में कहा गया है कि बच्ची पिछले कई वर्षों से लापता है, लेकिन अब तक पुलिस उसे खोजने में सफल नहीं हो सकी है। परिवार लगातार बेटी की तलाश और न्याय की मांग कर रहा है।
Air Now के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें:-
डीएनए रिपोर्ट अभी भी नहीं आई सामने
गौरतलब है कि पिंडराजोरा थाना क्षेत्र से ही 18 वर्षीय पुष्पा कुमारी के लापता होने का मामला भी इन दिनों चर्चा में है। इस मामले में पुष्पा की मां रेखा देवी ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी, जिस पर सुनवाई चल रही है। मामले की जांच के दौरान एक कंकाल भी बरामद किया गया था, हालांकि अब तक उसकी डीएनए जांच रिपोर्ट सामने नहीं आई है।
प्रार्थी पक्ष के अधिवक्ता रोहित विंसेंट मार्की ने बताया कि मामले की शीघ्र सुनवाई के लिए हाईकोर्ट में मेंशनिंग की गई है। संभावना जताई जा रही है कि इस मामले पर अगले सप्ताह सुनवाई हो सकती है। लगातार सामने आ रहे लापता लड़कियों के मामलों के बाद पिंडराजोरा थाना पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। परिजन आरोप लगा रहे हैं कि समय पर गंभीरता से कार्रवाई नहीं होने के कारण मामलों की जांच लंबी खिंच रही है। अब हाईकोर्ट की निगरानी में इन मामलों की सुनवाई होने से परिवारों को न्याय की उम्मीद जगी है।
यह भी पढ़ें: रांची : उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा पेपर लीक मामले में जेल में बंद 159 अभ्यर्थियों को मिली जमानत


