रांची : राजधानी रांची के गोंदा थाना क्षेत्र स्थित इंदिरा नगर में शुक्रवार देर रात हुए सनसनीखेज घटना में तीन नकाबपोश बदमाशों ने 65 वर्षीय कारोबारी के घर में घुसकर उन्हें पंखे से लटकाकर मार डालने की धमकी देते हुए जानलेवा हमला किया। हालांकि कारोबारी व सीएमपीडीआई के पूर्व जीएम आलोक कुमार ने इस दौरान बदमाशों का डटकर मुकाबला किया, जिससे तीनों जान बचाकर मौके से भागने को मजबूर हुए।
इसे भी पढ़ें : रांची में एसएसपी ने डोरंडा थाना प्रभारी को किया लाइन हाजिर, अभिनंदन कुमार को मिली नई जिम्मेदारी
मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर रात करीब 1:30 बजे जब पूर्व जीएम आलोक कुमार अपने घर में सो रहे थे, तभी उन्हें घर के भीतर टूट-फूट की आवाज सुनाई दी। वह कुछ समझ पाते, उससे पहले तीन नकाबपोश अपराधी उनके कमरे में घुस आए। कमरे में घुसते ही अपराधियों ने आलोक कुमार को धमकी देते हुए कहा, “तुम्हें लोगों से बहुत पंगा लेने का शौक है… आज तुम्हें पंखे से टांग देंगे।” इस दौरान बदमाशों ने उनपर काबू पाने के लिए चाकू से हमला किया, तो कलाई पर चाकू लगने से वह घायल हो गए।
पूर्व जीएम ने खुद को अपराधियों की पकड़ से छुड़ाते हुए घर में रखे तलवार और चापड़ निकाल लिया, जिसे देख बदमाश घबरा गए और मौके से भागने को मजबूर हो गए। वहीं बाद में मामले की जानकारी मिलते ही गोंदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। अपराधियों द्वारा दी गई धमकी को देखते हुए पुलिस पुरानी रंजिश, व्यक्तिगत विवाद और अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है.


