कोडरमा : जिले में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। बुधवार देर रात एक दर्दनाक घटना में हाथी ने एक महिला और एक पुरुष को कुचलकर मार डाला। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन हाथियों को दूर खदेड़ने में सफलता नहीं मिल सकी।
इसे भी पढ़ें : हरियाणा में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 21 IAS और 42 HCS अधिकारियों का हुआ तबादला
स्थानीय लोगों के अनुसार, एक हाथी अब भी मरियमपुर से सटे जंगलों में छिपा हुआ है, जबकि हाथियों का एक झुंड बागीटांड के पास कोडरमा घाटी के जंगलों में देखा गया है। ग्रामीणों ने वन विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि टीम के पास हाथियों को खदेड़ने के पर्याप्त संसाधन नहीं हैं।
मौके पर पहुंची टीम सिर्फ टॉर्च के सहारे हाथियों को भगाने की कोशिश करती रही, जो नाकाफी साबित हुआ। ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है और लोगों ने प्रशासन से तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की है, ताकि किसी और की जान न जाए.


