नई दिल्ली : सोनम वांगचुक ने सरकार को अनशन तोड़ने के संबंध में सरकार को पत्र लिखकर एक अपील की है. उन्होंने छात्रों से अपील करते हुए कहा, “एक बार सरकार से आश्वासन मिल जाने के बाद, मैं शांतिपूर्ण ढंग से विरोध कर रहे छात्रों से भी अपील करूंगा कि वे फिलहाल आंदोलन रोक दें और सरकार के साथ बातचीत शुरू करें.”
Highlights:
इसे भी पढ़ें: दिल्ली हाईकोर्ट में केंद्र सरकार ने कहा, ‘शांतिपूर्ण नहीं था 20 जुलाई को हुआ छात्रों का प्रदर्शन…’,
जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह को लिखा पत्र
उन्होंने जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह को लिखे पत्र में कहा, “कल रात अस्पताल में मुझसे मिलने आने और मेरा अनशन ख़त्म करने की अपील करने के लिए आपका धन्यवाद. हमारी बातचीत के दौरान आपने मुझे भरोसा दिलाया कि सरकार निम्नलिखित मुद्दों पर सकारात्मक रूप से विचार करेगी. जैसे- परीक्षा पेपर लीक के बाद आत्महत्या करने वाले छात्रों के परिवारों को पर्याप्त मुआवज़ा दिया जाएगा. और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए संसद में सार्थक चर्चा होगी, जिसमें शिक्षा मंत्री के इस्तीफ़े पर विचार भी शामिल होगा.”
यदि नहीं मिला आश्वासन तो…
उन्होंने पत्र में आगे कहा, “अगर सरकार ऐसा आश्वासन देती है, तो मैं इस विश्वास के साथ अपना अनशन समाप्त कर दूंगा कि सरकार ने न सिर्फ मेरी अपील सुनी है, बल्कि लाखों युवा भारतीयों की आकांक्षाओं को भी समझा है. लेकिन ऐसा आश्वासन नहीं मिलने पर मुझे अपना अनशन अनिश्चितकाल तक जारी रखने के लिए मजबूर होना पड़ेगा.” उन्होंने आगे कहा, “मुझे यह भी उम्मीद है कि आंदोलन को दबाने के लिए पुलिस बल का ज़रूरत से ज़्यादा इस्तेमाल दोबारा नहीं किया जाएगा.”
सीजेपी ने भी खत्म करने की अपील
इससे पहले कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने भी बुधवार को सोनम वांगचुक को पत्र लिखकर उनसे अनशन तोड़ने की मांग की है. सीजेपी ने लिखा, “हम इस लड़ाई को पूरी ताकत से आगे बढ़ाएंगे और परीक्षा में न्याय की हमारी मांग पूरी होने तक संघर्ष जारी रखेंगे. इस आंदोलन को आगे ले जाने के लिए हम हरसंभव कोशिश करेंगे.”
सीजेपी ने अपने पत्र में लिखा है, “पूरे सम्मान और दिल से आभार के साथ हम आपसे निवेदन करते हैं कि प्लीज़ अपना अनशन खत्म कर दीजिए. आपके त्याग ने पूरे देश के हज़ारों छात्रों को प्रेरित किया है. 20 जुलाई को अलग-अलग राज्यों से युवा सिर्फ आपके और इस आंदोलन के समर्थन में पहुंचे. आपने दिखा दिया कि यह लड़ाई किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि हर उस छात्र की है जो परीक्षा व्यवस्था में न्याय चाहता है. लेकिन इस समय सबसे ज़रूरी है कि आप अपनी सेहत का भी ख्याल रखें.” सीजेपी ने सोनम से वादा किया है कि उनके अनशन तोड़ने की वजह से यह आंदोलन ख़त्म नहीं होगा.
अभिजीत दीपके ने किया अनुरोध
सीजेपी फ़ाउंडर अभिजीत दीपके ने भी एक्स पर एक वीडियो जारी कर सोनम वांगचुक से अनशन समाप्त करने का अनुरोध किया है. दीपके ने एक्स पर लिखा, “देश को सोनम वांगचुक की ज़रूरत है और उनका जीवन इतना अनमोल है कि उसे और जोखिम में नहीं डाला जा सकता. जंतर-मंतर पर हमारा शांतिपूर्ण प्रदर्शन तब तक जारी रहेगा, जब तक हमारी मांगें पूरी नहीं हो जातीं.”


