रांची : पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा प्रखंड के बरागाड़िया पंचायत अंतर्गत पानीपड़ा-नागुड़साई स्थित स्वर्णरेखा नदी घाट पर मिले संदिग्ध जिंदा बम को निष्क्रिय करने के लिए अब तक कोई तकनीकी दस्ता मौके पर नहीं पहुंचा है। हैरानी की बात यह है कि इतनी संवेदनशील स्थिति के बावजूद घटनास्थल पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं।
Highlights:
खिलौना समझकर ले रहे सेल्फी
बम के आसपास किसी तरह की घेराबंदी नहीं होने के कारण लोग बेखौफ होकर उसके करीब पहुंच रहे हैं, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीण इस जिंदा बम को खिलौना समझकर उसके साथ सेल्फी ले रहे हैं। हालांकि पुलिस प्रशासन द्वारा लगातार लोगों को चेतावनी दी जा रही है, लेकिन इसके बावजूद ग्रामीण लापरवाही बरत रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह एएन-एम 64 500 बी अमेरिकन मेड श्रेणी का बम हो सकता है, जिसका वजन करीब 227 किलो है और यह बेहद घातक स्थिति में है।
इसे भी पढ़ें : बहरागोड़ा के स्वर्णरेखा नदी में मिला घातक विस्फोटक, सेना से मदद लेने की तैयारी
सेना के तकनीकी विशेषज्ञों की टीम का इंतजार
बहरागोड़ा पुलिस ने लोगों से दूरी बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने बताया कि इस मामले में संबंधित विभागों को सूचना दे दी गई है। सेना के तकनीकी विशेषज्ञों की टीम के आने के बाद ही बम को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय किया जा सकेगा। बम निरोधक दस्ते के प्रभारी नंदकिशोर सिंह ने बताया कि यह बम आकार में काफी बड़ा और खतरनाक है। इसे सामान्य तरीके से नष्ट करना संभव नहीं है। इसे निष्क्रिय करने के लिए उच्च स्तरीय तकनीक की जरूरत है, जो केवल सेना के पास उपलब्ध है।


