नई दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने अपने बीमार होने की सूचना दी है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, ”पिछले कुछ दिनों से मुझे तेज़ बुखार और पूरे शरीर में दर्द है. मैं पेन किलर खाकर काम चलाता रहा हूँ. अगर आज आप मुझे जंतर-मंतर पर नहीं देखें, तो इसके लिए क्षमा चाहता हूँ. मुझे कुछ घंटे आराम करके थोड़ा ठीक होने की ज़रूरत है. शाम तक मैं फिर प्रदर्शन स्थल पर लौट आऊंगा.”
Highlights:
इसे भी पढ़ें: सीजेपी ने कहा- ‘धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफ़े की मांग से कोई समझौता नहीं’, जेपी नड्डा के बयान पर कहा
‘कुछ भी करो, लोग जंतर-मंतर आकर रहेंगे’
इससे पहले कॉकरोच जनता पार्टी ने दिल्ली मेट्रो के 16 स्टेशन बंद किए जाने पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, ”इसका क्या मतलब है. मोदी जी, सीधे धर्मेंद्र प्रधान को हटाइए और मामले को ख़त्म करिए. मेट्रो स्टेशनों को बंद करने का ये रोज-रोज का ड्रामा क्यों. कुछ भी करो, लोग जंतर-मंतर पर आकर रहेंगे.”
नीट पेपर लीक के ख़िलाफ़ जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी के आंदोलन को एक महीने से ज़्यादा हो चुका है. यहां इसके समर्थन में हजारों युवा पहुंच रहे हैं. पिछले तीन-चार दिनों में यहां पुलिस और युवाओं के बीच टकराव देखने को मिला है.
दिल्ली पुलिस कमिश्नर को अधिकार

इधर दिल्ली के उपराज्यपाल ने राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए), 1980 के तहत दिल्ली पुलिस आयुक्त को प्रिव्हेंटिव डिटेंशन (निरोधात्मक हिरासत) के आदेश जारी करने का अधिकार दिया है. हालांकि ये अधिकार 19 जुलाई 2026 से 18 अक्टूबर 2026 तक, यानी तीन महीने की अवधि के लिए दिया गया है. लेकिन सार्वजनिक तौर पर ये अब सामने आया है.
दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन को लेकर इसे अहम माना जा रहा है. जंतर-मंतर पर सीजेपी ने 20 जुलाई को संसद मार्च का आह्वान किया था. इसके बाद प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प में कई लोग घायल हुए थे. जंतर-मंतर पर सीजेपी और उसके कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन अभी भी चल रहा है.
जंतर मंतर पहुंची हुमा कुरैशी
बॉलीवुड अभिनेत्री हुमा क़ुरैशी भी कॉकरोच जनता पार्टी के समर्थन में दिल्ली के जंतर-मंतर पहुंची हैं. कॉकरोच जनता पार्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर उनकी तस्वीर डालते हुए लिखा है, ”बॉलीवुड अभिनेत्री हुमा कुरैशी शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों के समर्थन में जंतर-मंतर पहुंचीं. यह जनता का आंदोलन है. न्याय और जवाबदेही की मांग के लिए हम सभी को एकजुट होकर इसका साथ देना चाहिए.”
दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन को कई बॉलीवुड सेलिब्रिटी अपना समर्थन दे रहे हैं. इससे पहले अभिनेता नसीरुद्दीन शाह ने प्रदर्शनकारियों के समर्थन में सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म पर पोस्ट डाला था. मशहूर अभिनेत्री शबाना आज़मी ने भी जंतर-मंतर पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों का समर्थन किया था.


