न्यूज डेस्क : मध्य-पूर्व में तनाव के बीच क़तर का एक मिलिट्री हेलिकॉप्टर देश के समुद्री क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया है. क़तर के रक्षा मंत्रालय ने बताया है कि हेलिकॉप्टर हादसे में छह लोगों की मौत हो गई है. रविवार सुबह क़तर ने कहा था कि हेलिकॉप्टर ‘रूटीन ड्यूटी’ पर था और उसमें तकनीकी ख़राबी आ गई थी.
इसे भी पढ़ें : PHED मंत्री संजय सिंह पर गंभीर आरोप, गिरफ्तारी वारंट से लेकर जमीन कब्जा तक उठे सवाल
क़तर के रक्षा मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर बयान जारी करते हुए कहा, “खोज अभियान में सात में से छह लोगों को तलाश लिया गया है.” मंत्रालय ने बताया कि कैप्टन (पायलट) सईद नासिर सामेख की तलाश अभी जारी है. वो क़तरी सशस्त्र बल से जुड़े हैं.
इससे पहले क़तर के रक्षा मंत्रालय ने बताया था कि उसका एक हेलिकॉप्टर ‘तकनीकी ख़राबी’ के कारण देश के समुद्री क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया. रक्षा मंत्रालय ने सरकारी मीडिया पर जारी एक बयान में कहा कि हेलिकॉप्टर के चालक दल और अन्य सवार लोगों की तलाश और बचाव के लिए अभियान शुरू कर दिया है. क़तर के अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना के समय हेलिकॉप्टर ‘नियमित ड्यूटी’ पर था.
गौरतलब है कि हाल के हफ़्तों में ईरान के हमलों से क़तर प्रभावित हुआ है और पिछले हफ़्ते ईरान ने क़तर की मुख्य गैस संयंत्र को निशाना बनाया था. हालांकि, यह साफ़ नहीं है कि हेलिकॉप्टर हादसे का ईरान युद्ध से कोई संबंध है या नहीं.


