पटना: बिहार विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को पटना स्थित सरकारी आवास 10 सर्कुलर रोड खाली करने का नोटिस जारी किया गया है। भवन निर्माण विभाग ने उन्हें तत्काल बंगला खाली करने को कहा है। विभाग के अनुसार यह आवास अब बिहार सरकार के डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन मंत्री नंदकिशोर राम को आवंटित किया गया है।
Highlights:
लालू प्रसाद यादव का परिवार साल 2005 से 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास में रह रहा है। बिहार चुनाव 2025 के बाद राबड़ी देवी को नेता प्रतिपक्ष के तौर पर नया सरकारी बंगला 39 हार्डिंग रोड आवंटित किया गया था। इसके बावजूद अब तक परिवार ने पुराना आवास खाली नहीं किया है।
Air Now के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें:-

कई बार किया गया आग्रह
सूत्रों के अनुसार, पिछले छह महीनों में राबड़ी देवी से दो से तीन बार नए आवास में शिफ्ट होने का आग्रह किया गया था। हालांकि अब तक उन्होंने 39 हार्डिंग रोड स्थित आवास में पूरी तरह शिफ्ट नहीं किया। इसके बाद भवन निर्माण विभाग ने औपचारिक नोटिस जारी किया है।
भवन निर्माण विभाग की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि विभागीय आदेश संख्या-122 दिनांक 25 नवंबर 2025 के तहत नेता प्रतिपक्ष के लिए 39 हार्डिंग रोड स्थित सरकारी आवास आवंटित किया गया था। पत्र में यह भी कहा गया है कि राबड़ी देवी से अनुरोध है कि वह नए आवास में जाएं और 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी बंगला तत्काल खाली करें। संयुक्त सचिव-सह-भू संपदा पदाधिकारी द्वारा जारी पत्र में यह भी स्पष्ट किया गया है कि इस निर्णय को सक्षम प्राधिकार की मंजूरी प्राप्त है।
मंत्री लेसी सिंह ने दी जानकारी
भवन निर्माण मंत्री लेसी सिंह ने कहा कि 10 सर्कुलर रोड आवास अब मंत्री नंदकिशोर राम को आवंटित किया गया है। इसी कारण विभाग की ओर से राबड़ी देवी को नोटिस जारी किया गया है ताकि नए आवंटन के अनुसार आवास खाली कराया जा सके।
नोटिस पर तेज हुई राजनीति
राबड़ी देवी को नोटिस जारी होने के बाद बिहार की राजनीति गरमा गई है। राष्ट्रीय जनता दल ने इसे राजनीतिक बदले की कार्रवाई बताया है। राजद के मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने कहा कि राबड़ी देवी लंबे समय से इस आवास में रह रही हैं और अचानक किसी अन्य मंत्री के नाम आवंटन करना राजनीतिक दुर्भावना को दिखाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष राबड़ी देवी और राजद को अपमानित करना चाहता है। शक्ति सिंह यादव ने कहा कि यह “ओछी और घृणित राजनीति” है और सत्ता का दुरुपयोग किया जा रहा है।
धीरे-धीरे खाली किया जा रहा आवास
सूत्रों के मुताबिक, राबड़ी आवास खाली करने की प्रक्रिया पिछले कुछ दिनों से चल रही है। घर का सामान धीरे-धीरे महुआ बाग और आर्य समाज रोड स्थित दूसरे आवासों में भेजा जा रहा है। बताया जा रहा है कि बंगले को चरणबद्ध तरीके से खाली किया जा रहा है। 20 साल बाद लालू परिवार को सरकारी आवास खाली करने का नोटिस मिलने से यह मामला बिहार की राजनीति में चर्चा का विषय बन गया है। विपक्ष इसे राजनीतिक दबाव बता रहा है, जबकि सरकार इसे सामान्य प्रशासनिक प्रक्रिया कह रही है।
यह भी पढ़ें: कर्नाटक में आज विधायक दल की बैठक, डीके शिवकुमार के नाम पर लग सकती है मुहर


