नई दिल्ली : सीमा पार बैठे आतंकियों की बौखलाहट एक बार फिर सामने आई है। पाकिस्तान में खुलेआम आयोजित रैलियों के दौरान लश्कर-ए-तैयबा के शीर्ष आतंकी सैयद अब्दुल रहमान नकवी ने भारत के प्रमुख शहरों को लेकर भड़काऊ और धमकी भरे बयान दिए हैं। इन बयानों को सुरक्षा एजेंसियां गंभीरता से ले रही हैं और इसे पाकिस्तान में पनप रहे आतंकी ढांचे का एक और सबूत माना जा रहा है।
Highlights:
खुले मंचों से भारत विरोधी नारे लगाते लोग
हाल ही में पाकिस्तान और पाक अधिकृत कश्मीर यानी पीओके में तथाकथित ‘कश्मीर सॉलिडैरिटी डे’ के नाम पर कई रैलियां निकाली गईं। इन रैलियों में जैश-ए-मुहम्मद और लश्कर-ए-तैयबा जैसे प्रतिबंधित आतंकी संगठनों से जुड़े लोग खुले मंचों से भारत विरोधी नारे लगाते और उकसाऊ भाषण देते नजर आए। इन्हीं रैलियों में सैयद अब्दुल रहमान नकवी ने दिल्ली, आगरा और दक्कन जैसे इलाकों को निशाना बनाने की धमकी दी।
भारत विरोधी प्रोपेगैंडा फैलाने की कोशिश
मरकजी मुस्लिम लीग के मंच से बोलते हुए नकवी ने कहा कि कश्मीर को आजाद कराने की जिम्मेदारी उनका संगठन निभाएगा और वे अपने बुजुर्गों की तथाकथित वसीयतों पर आज भी कायम हैं। उसके बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसे भारत विरोधी प्रोपेगैंडा फैलाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।
भारत के खिलाफ साजिशें
सैयद अब्दुल रहमान नकवी लश्कर-ए-तैयबा के मुखौटा संगठन ‘मिल्ली मुस्लिम लीग’ का प्रमुख चेहरा माना जाता है। सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक वह वैश्विक आतंकी हाफिज सईद के बेटे तल्हा सईद का करीबी सहयोगी है। आरोप है कि पाकिस्तान में उसे राजनीतिक संरक्षण हासिल है, जिसकी आड़ में वह लगातार भारत के खिलाफ साजिशें रचता रहता है।
भारतीय सुरक्षा एजेंसियां इन घटनाक्रमों पर कड़ी नजर बनाए हुए हैं और सीमा पार से आने वाले किसी भी खतरे से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क हैं।


