जमशेदपुर : बिष्टुपुर स्थित एलआईसी बिल्डिंग में देर रात अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने बिल्डिंग के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। आग की तेज लपटें और धुआं उठता देख आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की करीब 10 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह बताया जा रहा है।
इसे भी पढ़ें : जमशेदपुर के स्वर्णरेखा नदी में डोंगा पलटने से दो मछुआरे तेज बहाव में बहे, तलाश जारी
अग्निशमन कर्मियों ने आग को आसपास की इमारतों तक फैलने से रोकने के लिए मोर्चा संभाला और करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग इतनी भीषण थी कि बिल्डिंग के अंदर रखा सामान बड़े पैमाने पर जलकर खाक हो गया। राहत की बात यह रही कि दमकल कर्मियों की तत्परता से आग को आसपास के इलाके में फैलने से रोक लिया गया। हालांकि, आग के वास्तविक कारण और नुकसान का आकलन करने के लिए जांच जारी है।


