लोहरदगा : झारखंड के लोहरदगा जिले के कुडू थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात फोरलेन निर्माण स्थल पर अपराधियों ने सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने की कोशिश की। निर्माण कार्य में लगे रोड रोलर को पेट्रोल छिड़ककर आग के हवाले करने पहुंचे अपराधियों का सामना अचानक पुलिस से हो गया। अपराधियों ने पुलिस टीम को देखते ही दो राउंड फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी मोर्चा संभालते हुए तीन राउंड जवाबी फायरिंग की। गोलियों की आवाज गूंजते ही अपराधियों के हौसले पस्त पड़ गए और वे मौके से फरार हो गए।
इसे भी पढ़ें : हजारीबाग में इनोवा से नकली विदेशी शराब बरामद, जमशेदपुर निवासी शराब तस्कर गिरफ्तार, बिहार भेजने की थी तैयारी
घटना के वक्त कुडू थाना की पेट्रोलिंग टीम और एसएटी की टीम इलाके में मौजूद थी। पुलिस की सक्रियता के कारण अपराधी रोड रोलर में आग लगाने में कामयाब नहीं हो सके। पुलिस की जवाबी कार्रवाई के बाद बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। पुलिस ने आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान तेज कर दिया। संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। निर्माण स्थल की भी जांच की गई है। पुलिस अब फरार अपराधियों की पहचान और उनके मकसद का पता लगाने में जुटी है।


