हजारीबाग : पदमा ओपी क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक इनोवा कार से 732 पीस नकली विदेशी शराब बरामद की है। पुलिस ने मौके से दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान एसो बेकट्समैन मूर्ति ,जमशेदपुर) तथा गुड्डू आलम मोतिहारी (बिहार) के रूप में हुई है। शुक्रवार रात करीब नौ बजे एसपी हजारीबाग को गुप्त सूचना मिली थी कि इनोवा कार संख्या JH10J-7960 से अवैध विदेशी शराब की खेप बिहार भेजी जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने पदमा ओपी गेट के पास वाहन चेकिंग शुरू कर दी।
इसे भी पढ़ें: चर्चित रुपेश पांडेय, तारा शहदेव समेत 74 मामलों में CBI कोर्ट ने सुनाई सजा, पूर्व मंत्रियों से भी जुड़े हैं कई मामले
चेकिंग के दौरान पुलिस ने संदिग्ध इनोवा को रोका। पुलिस के मुताबिक, वाहन में सवार लोगों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन सशस्त्र बल के सहयोग से दोनों को पकड़ लिया गया। वाहन की तलाशी लेने पर CLASSIC OLD HABBIT WHIKY की 33 पेटियां बरामद हुईं। बरामद शराब में 375 एमएल की 28 पेटियों में 672 पीस और 750 एमएल की पांच पेटियों में 60 पीस शामिल हैं। कुल मिलाकर 732 पीस शराब पुलिस के हाथ लगी।
पुलिस पूछताछ में शराब को बिहार ले जाने की बात सामने आई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नकली शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। बरामद सामानों में नकली विदेशी शराब की 732 पीस, 375 एमएल वाली 672 पीस बोतल व
750 एमएल वाली 60 पीस बोतल मिली है। इसके अलावा एक इनोवा कार (JH10J-7960) भी बरामद की गई है।


