मेदिनीनगर : जमशेदपुर में हुए बैंक लूटकांड के बाद पलामू पुलिस ने बैंकों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष ऑडिट शुरू कर दिया है. रविवार को अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में बैंक शाखाओं का निरीक्षण किया गया.इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था की कमियों को चिह्नित करने के साथ आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों की भी जानकारी ली गई.
Highlights:
इसे भी पढ़ें: पलामू से लापता तीन नाबालिग पांच दिनों बाद गोपालगंज से सकुशल बरामद, 21 सितंबर से थी लापता
शहर से लेकर दूरदराज की शाखाओं तक जांच

पुलिस की टीमें बैंक के प्रवेश और निकास मार्ग, सीसीटीवी कैमरे, अलार्म सिस्टम, सुरक्षा गार्ड की तैनाती और बैंक परिसर में मौजूद अन्य सुरक्षा इंतजामों की जांच कर रही हैं. बैंक के आसपास के इलाके और आने-जाने वाले रास्तों को भी देखा जा रहा है.खासकर मुख्य शहर से बाहर, राजमार्ग के किनारे और अपेक्षाकृत सुनसान स्थानों पर स्थित बैंक शाखाओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस अधिक सतर्क है. किसी आपात स्थिति में बैंक प्रबंधन और सुरक्षा कर्मियों की भूमिका क्या होगी, इसकी भी जानकारी ली जा रही है.
अलग अलग टीमों ने संभाली कमान
टाउन थाना क्षेत्र में सदर एसडीपीओ राजेश कुमार यादव के नेतृत्व में बैंक शाखाओं का ऑडिट किया जा रहा है.चैनपुर थाना क्षेत्र में थाना प्रभारी लालजी की अगुवाई में पुलिस टीम बैंकों की सुरक्षा व्यवस्था की पड़ताल कर रही है.वहीं सदर थाना क्षेत्र में सर्किल इंस्पेक्टर सुरेश राम और थाना प्रभारी अफजाल अंसारी ऑडिट टीम का नेतृत्व कर रहे हैं. पुलिस अधिकारी बैंक प्रबंधन से सुरक्षा इंतजामों की जानकारी लेने के साथ मौके पर मौजूद व्यवस्थाओं का भी जायजा ले रहे हैं.
सुरक्षा से समझौता नहीं: एसपी
पलामू एसपी कपिल चौधरी ने बताया कि पूरे जिले में बैंकों का सुरक्षा ऑडिट कराया जा रहा है.पुलिस टीमों को बैंक शाखाओं की सुरक्षा व्यवस्था की जांच कर समस्याओं को चिह्नित करने का निर्देश दिया गया है.उन्होंने बताया कि ऑडिट के दौरान जहां भी सुरक्षा व्यवस्था में कमी सामने आएगी,उसे दूर करने के लिए संबंधित बैंक प्रबंधन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे.पुलिस का उद्देश्य कमजोरियों की पहचान कर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना है.


