पटना : राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव को शुक्रवार देर शाम अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद पटना के इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान यानी आईजीआईएमएस में भर्ती कराया गया था. उन्हें बेहतर इलाज और नियमित जांच के लिए आज, शनिवार को दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान यानी एम्स ले जाया जा रहा है. शुक्रवार को लालू प्रसाद के साथ IGIMS में उनकी पत्नी राबड़ी देवी, बेटी मीसा भारती और बड़े बेटे तेज प्रताप यादव मौजूद थे.
लालू यादव की बड़ी बेटी व सांसद मीसा भारती ने लालू यादव की सेहत से जुड़ी आधिकारिक जानकारी मीडिया के साथ साझा करते हुए बताया कि चिकित्सकों ने सभी जरूरी जांच की और स्वास्थ्य स्थिति स्थिर पाए जाने के बाद लालू प्रसाद को आईजीआईएमएस से छुट्टी दे दी है. अब विशेष चिकित्सा व नियमित जांच के लिए उन्हें दिल्ली एम्स ले जाया जा रहा है.
नियमित जांच के लिए एम्स
मीसा भारती ने कहा कि लालू प्रसाद पहले भी नियमित चिकित्सा जांच और इलाज के लिए दिल्ली एम्स जाते रहे हैं. स्वास्थ्य संबंधी उनकी पूर्व की चिकित्सकीय जरूरतों को देखते हुए आगे का उपचार भी वहीं किया जाएगा. फिलहाल चिकित्सकों के अनुसार लालू प्रसाद की स्थिति स्थिर है. उन्हें एहतियात के तौर पर बेहतर चिकित्सकीय निगरानी और आगे के इलाज के लिए दिल्ली एम्स ले जाया जा रहा है.
कौटिल्य नगर आवास में गंदगी
पाटलिपुत्र सांसद मीसा भारती ने इस दौरान कहा कि जहां हम लोग अभी रह रहे हैं, वहां आस-पास में गंदगी है. लेकिन इस पर हम कुछ ज्यादा नहीं बोलेंगे क्योंकि अगर हम कुछ बोलेंगे तो कहा जाएगा कि यह लोग आवास का रोना अभी तक रो रहे हैं. लालू परिवार इन दिनों कौटिल्य नगर में रह रहा है. ऐसे में वहां आस-पास में गंदगी होने की वजह से लालू प्रसाद के बीमार होने की बात मीसा भारती ने कही.
लंबे समय से हैं इलाज़रत
बता दें कि लालू प्रसाद यादव पिछले काफी लंबे समय से कई तरह की गंभीर बीमारियों को लेकर इलाजरत हैं. वह पहले से ही किडनी की बड़ी बीमारी से ग्रसित हैं, जिसके लिए उनका सिंगापुर में किडनी ट्रांसप्लांट भी किया जा चुका है. इसके अलावा ब्लड शुगर लेवल के उतार चढ़ाव की समस्या से भी वह ग्रसित हैं. शुगर और किडनी की पुरानी हिस्ट्री होने के चलते डॉक्टर हमेशा उनकी सेहत को लेकर बहुत ज्यादा सतर्क रहते हैं और नियमित तौर पर उनकी मॉनिटरिंग की जाती है.