न्यूज डोस्क: हरियाणा के फरीदाबाद में नगर निगम ने शुक्रवार देर रात से शनिवार सुबह तक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शिव मंदिर, मस्जिद और कई अवैध निर्माणों को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई NIT-3 मस्जिद चौक क्षेत्र में की गई। प्रशासन का कहना है कि यहां एलिवेटेड रोड और नमो भारत RRTS कॉरिडोर का निर्माण होना है, जिसके कारण रास्ते में आ रहे अवैध ढांचों को हटाया गया।
Highlights:
Air Now के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें:-
रातभर चला तोड़फोड़ अभियान
नगर निगम की टीम ने शुक्रवार की रात करीब 2 बजे इलाके में नाकाबंदी शुरू की और इसके बाद बुलडोजर कार्रवाई शुरू हुई। शिव मंदिर और मस्जिद के अलावा आसपास बने कई अवैध कब्जों को भी हटाया गया। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई शनिवार को भी जारी रह सकती है। कार्रवाई के दौरान किसी तरह की अप्रिय घटना से बचने के लिए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। क्षेत्र में लगातार गश्त भी की जा रही है ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे।
21 घंटे के लिए इंटरनेट सेवा बंद
हरियाणा सरकार ने सुरक्षा और कानून व्यवस्था को देखते हुए NIT क्षेत्र में करीब 21 घंटे के लिए इंटरनेट सेवा बंद कर दी है। गृह विभाग की एडिशनल सेक्रेटरी डॉ. वंदना दिसोदिया द्वारा जारी आदेश में कहा गया कि सोशल मीडिया और मैसेजिंग प्लेटफॉर्म्स के जरिए अफवाह और भड़काऊ सामग्री फैलने की आशंका थी। इसी कारण शनिवार रात 12 बजे तक इंटरनेट सेवाएं बंद रखने का फैसला लिया गया।
नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक, मंदिर और मस्जिद प्रशासन को पहले कई बार नोटिस जारी किए गए थे। उनसे निर्माण हटाने के लिए कहा गया था, लेकिन समय पर कार्रवाई नहीं होने के बाद निगम को बुलडोजर चलाना पड़ा। अधिकारियों का कहना है कि कुछ निर्माण पुरातत्व विभाग की जमीन पर बने हुए थे और ये ढांचे करीब 30 से 40 साल पुराने थे।
NGT के आदेश पर हुई कार्रवाई
नगर निगम की टीम ने यह अभियान नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) के आदेश के तहत चलाया। प्रशासन का कहना है कि सार्वजनिक परियोजनाओं को पूरा करने के लिए अतिक्रमण हटाना जरूरी था। एलिवेटेड रोड और गुरुग्राम-फरीदाबाद-नोएडा RRTS कॉरिडोर इसी क्षेत्र से गुजरने वाले हैं। यह कार्रवाई के चलते फरीदाबाद ट्रैफिक पुलिस ने कई रास्तों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है। मेट्रो मोड़ से ईएसआई चौक, मस्जिद चौक होते हुए सैनिक कॉलोनी रेड लाइट चौक तक जाने वाला मार्ग बंद रखा गया है। डीसीपी एनआईटी कार्यालय से मुल्ला होटल जाने वाले रास्ते पर भी वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है।
गुरुग्राम जाने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग
ट्रैफिक पुलिस ने गुरुग्राम जाने वाले वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी है। भारी वाहनों को बड़खल, अंखीर चौक, एमवीएन चौक और पाली रोड के रास्ते भेजा जा रहा है। वहीं हल्के वाहन बीके चौक, 4-5 चौक, पटेल चौक, बड़खल गांव रोड और सैनिक कॉलोनी से होकर निकल सकते हैं। साथ ही प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि पूरी कार्रवाई कानून और नियमों के तहत की जा रही है तथा स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।
Air Now के यूट्यूब चैनल को देखने के लिए यहां क्लिक करें:-
यह भी पढ़ें: युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी बनेंगे झारखंड स्वास्थ्य विभाग के ब्रांड एंबेसडर



