पटना: बिहार में शिक्षक भर्ती परीक्षा TRE-4 के नोटिफिकेशन को लेकर जारी विवाद के बीच मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज यानी शुक्रवार शाम 5 बजे बड़ी बैठक बुलाई है। इस बैठक में शिक्षा विभाग के मंत्री और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ शिक्षक भर्ती प्रक्रिया और TRE-4 नोटिफिकेशन पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
Highlights:
सरकार की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, बैठक में शिक्षक बहाली से जुड़े सभी पहलुओं की समीक्षा होगी। साथ ही TRE-4 का विज्ञापन जारी करने को लेकर अधिकारियों से फीडबैक लिया जाएगा। बैठक में शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी, शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और मुख्यमंत्री सचिवालय के अधिकारी मौजूद रहेंगे।
Air Now के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें:-
TRE-4 को लेकर लगातार प्रदर्शन
बिहार में चौथे चरण की शिक्षक भर्ती परीक्षा यानी TRE-4 का नोटिफिकेशन जारी नहीं होने से अभ्यर्थियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। लंबे समय से छात्र संगठन और प्रतियोगी छात्र भर्ती विज्ञापन जारी करने की मांग कर रहे हैं। इसी मांग को लेकर पटना समेत कई जिलों में लगातार प्रदर्शन हो रहे हैं। हाल ही में प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों पर हुए लाठीचार्ज के बाद मामला पूरी तरह राजनीतिक हो गया है। विपक्षी दलों ने सरकार पर युवाओं की आवाज दबाने का आरोप लगाया है।
तेजस्वी यादव ने सरकार पर साधा निशाना
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने NDA सरकार पर युवाओं के साथ अन्याय और विश्वासघात करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा ही TRE-4 की वैकेंसी निकालने की नहीं है, इसलिए महीनों बाद भी नोटिफिकेशन जारी नहीं किया गया। तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा कि बिहार के युवा वही मांग कर रहे हैं, जिसका वादा चुनाव से पहले NDA सरकार ने किया था। उन्होंने सवाल उठाया कि TRE-4 परीक्षा की मांग करना अपराध कैसे हो सकता है।
युवाओं पर लाठीचार्ज गलत
तेजस्वी यादव ने कहा कि यदि सरकार को पुलिस बल का इस्तेमाल करना ही है तो उसे भ्रष्टाचार और अपराध रोकने में करना चाहिए, न कि नौकरी मांग रहे युवाओं पर लाठीचार्ज में। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में बार-बार युवाओं की आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। तेजस्वी ने तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री और मंत्री रील्स बनाने में व्यस्त हैं, लेकिन युवाओं के भविष्य की चिंता किसी को नहीं है।
अपने कार्यकाल का भी किया जिक्र
तेजस्वी यादव ने अपने 17 महीने के कार्यकाल का हवाला देते हुए दावा किया कि उनकी सरकार ने बिना पेपर लीक के सफलतापूर्वक TRE-1 और TRE-2 परीक्षाएं कराई थीं। उन्होंने कहा कि उस दौरान 2 लाख से अधिक शिक्षकों की नियुक्ति की गई थी, जबकि करीब 1 लाख 30 हजार पदों पर बहाली प्रक्रिया चल रही थी। उन्होंने NDA सरकार पर परिवारवाद और वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव खत्म हो गए, मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री बदल गए, पूरा मंत्रिमंडल बदल गया, लेकिन TRE-4 की वैकेंसी अब तक जारी नहीं हुई।
यह भी पढ़ें: धार भोजशाला विवाद मामले में सुप्रीम कोर्ट में होगी सुनवाई, हाई कोर्ट के फैसले को मुस्लिम पक्ष ने दी चुनौती


