पलामू : जिले के पाटन स्थित परीक्षा केंद्र पर JTET परीक्षा के दौरान प्रश्नपत्र लेकर भागने की कोशिश करने वाले अभ्यर्थी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.उसके खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज की गई है. पलामू एसपी ने मामले की पुष्टि की है. जानकारी के अनुसार, सुशील कुमार पाठक पारा शिक्षक के पद पर कार्यरत हैं. हालांकि प्रश्नपत्र लेकर भागने की कोशिश के पीछे उनकी मंशा क्या थी, इस संबंध में फिलहाल कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है.
इसे भी पढ़ें: पलामू में JTET परीक्षा ड्यूटी के दौरान जवान की SLR गायब, घंटों बाद सोफे के नीचे मिला सरकारी हथियार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, परीक्षा केंद्र के कक्ष संख्या 06 में सुबह करीब 9:36 बजे परीक्षार्थी सुशील कुमार पाठक (57) पिता शीताराधन पाठक गढ़वा का निवासी है.जबकि उसका अनुक्रमांक 331033031 है. प्रश्नपत्र मिलते ही वह उसे लेकर अचानक बाहर भागने की कोशिश करने लगा. हालांकि पुलिस और परीक्षा केंद्र पर तैनात कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया.
पूरे घटनाक्रम को लेकर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी क्षितिज कुमार के आवेदन पर शाम को प्राथमिकी दर्ज की गई. पलामू एसपी कपिल चौधरी ने बताया कि पुलिस ने अभ्यर्थी को गिरफ्तार कर लिया.मामले में एफआईआर दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

