नई दिल्ली: रविवार को दिल्ली के रामलीला मैदान में राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को ‘वोट चोरी’ के आरोप में क़ानूनी कार्रवाई का सामना करना होगा. उन्होंने कहा कि पहले मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर कार्रवाई होगी और फिर नरेंद्र मोदी और अमित शाह का नंबर आएगा. इंडिया गठबंधन देश में “लोकतंत्र को ख़त्म नहीं होने देगा. ज्ञानेश कुमार को पद से हटाना ‘देश को सही रास्ते पर लाने की दिशा में पहला कदम’ है.”
Highlights:
इसे भी पढ़ें : इंडिया ब्लॉक की रैली में बोले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे- ‘ज्ञानेश कुमार को हटाने के लिए लड़ते रहेंगे’

राहुल गांधी ने कहा, “अमित शाह जी ने कहा कि ‘नरेंद्र मोदी कहीं नहीं जा रहे.’ मैं आपको उल्टा बताता हूं- नरेंद्र मोदी कहीं नहीं जा सकते. अगर जाना भी चाहेंगे, हम उन्हें नहीं जाने देंगे. नरेंद्र मोदी, अमित शाह जी आप बात समझिए. ज्ञानेश कुमार के बाद हम आपके सामने खड़े होने जा रहे हैं. आप भूलिए मत कि आपने वोट चोरी की है, कहीं नहीं जाएंगे आप. आपके ख़िलाफ़, नरेंद्र मोदी के ख़िलाफ़, अमित शाह के ख़िलाफ़ क़ानूनी कार्रवाई होगी.”
इसे भी पढ़ें: इंडिया ब्लॉक की रैली में बोले अखिलेश- ‘रामलीला मैदान लोकतंत्र का बना हल्दीघाटी
दिल्ली के रामलीला मैदान में विपक्षी दलों के गठबंधन इंडिया ब्लॉक ने रविवार को बड़ी रैली की. इसी रैली में राहुल गांधी ने ये बातें कहीं. रैली में विपक्षी नेताओं ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर जमकर हमला बोला. कांग्रेस के नेतृत्व वाले इंडिया गठबंधन ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में कथित अनियमितताओं को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के ख़िलाफ़ रामलीला मैदान में रविवार को रैली आयोजित की थी.
रैली में इन लोगों ने लिया भाग

इसमें विपक्ष के प्रमुख दलों के नेताओं ने हिस्सा लिया. कांग्रेस पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और सोनिया गांधी समेत उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, जम्मू-कश्मीर के दो पूर्व मुख्यमंत्रियों फ़ारुक़ अब्दुल्लाह और महबूबा मुफ़्ती भी रैली में शामिल हुए.
रैली में वामदलों के नेता भी शामिल हुए. रैली में अखिलेश यादव, ममता बनर्जी, सीपीआईएमएल के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने भी सरकार पर जमकर हमला बोला. उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और पश्चिम बंगाल की पूर्व सीएम ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि वोटरों के नाम काटने से विधानसभा चुनाव में उनकी हार हुई.
13 करोड़ से ज़्यादा मतदाता कहां गए

रैली में मोदी सरकार पर वोट चोरी का आरोप लगाते हुए राहुल गांधी ने कहा, “कई साल से इस देश में वोट चोरी हो रही है. पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, हरियाणा, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, कर्नाटक और साल 2024 के लोकसभा चुनाव. इन सभी चुनावों में वोट चोरी हुई. ईवीएम के साथ वोटचोरी हुई, वोटर लिस्ट से लोगों का नाम काटकर, कई लोगों नाम जोड़कर वोट चोरी हुई है.” राहुल गांधी ने कहा कि साल 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद 13 करोड़ से ज़्यादा मतदाता वोटर लिस्ट से हटाए गए.
कहीं जाने नहीं दिया जाएगा

राहुल गांधी ने कहा, “देश को सही रास्ते पर लाने के लिए पहला कदम ज्ञानेश कुमार को हटाना है. अमित शाह कहते हैं कि नरेंद्र मोदी कहीं नहीं जा रहे हैं. मैं कहना चाहता हूं कि आपको और नरेंद्र मोदी को कहीं जाने नहीं दिया जाएगा. आपने शिव की बारात के बारे में सुना होगा. उसमें कोई भी शामिल हो सकता है. उस तांडव में कोई भी नाच सकता है. हम ऐसा भारत चाहते हैं, जहां कोई भी जा सके.”
“अगर कोई किसान मेहनत करता है, तो उसे अपना सपना पूरा करने का मौका मिलना चाहिए. अगर कोई छात्र 18 घंटे पढ़ाई करता है, तो उसे इसका इनाम मिलना चाहिए. हम कुछ लोगों का देश नहीं चाहते.”

