मुंबई: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के ख़िलाफ़ शुक्रवार को कॉकरोच जनता पार्टी ने मुंबई के शिवाजी पार्क के पास प्रदर्शन किया. सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा, “अगर गांधी इस देश की आत्मा हैं, तो आंबेडकर इस देश की रीढ़ हैं. डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर और नेहरू ने हमें वोट देने का अधिकार दिया.” इस प्रदर्शन के मंच पर शबाना आज़मी समेत मुंबई के कई कलाकार, अभिजीत दीपके, सौरव दास और अजिंक्य शिंदे ने हिस्सा लिया.
इसे भी पढ़ें : एशियन गेम्स स्वर्ण पदक विजेता भारतीय महिला हॉकी टीम की मजबूत दीवार निक्की प्रधान ने जीत को बताया ऐतिहासिक
सीजेपी ने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफ़े की मांग को लेकर 2 अक्तूबर को गांधी जयंती के मौके पर मुंबई में प्रदर्शन का आह्वान किया था. पार्टी ने कहा कि यह प्रदर्शन एसआईआर प्रक्रिया और चुनाव प्रक्रिया में अनियमितताओं के ख़िलाफ़ जागरूकता पैदा करने के लिए किया जा रहा है.
इससे पहले इसी मुद्दे पर शुक्रवार को सुबह दिल्ली के जंतर मंतर पर भी विपक्षी दल और वामपंथी छात्र संगठनों से जुड़े लोग जुटे. हालांकि, दिल्ली पुलिस ने मुख्य जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार कर दिया था और नई दिल्ली के कई इलाक़ों में धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू की गई थी. इस दौरान जंतर मंतर पर पहुंचने से पहले ही सैकड़ों प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया.


