साहिबगंज : जिले के नगर थाना क्षेत्र के बंगाली टोला में बुधवार देर शाम आपसी रंजिश खूनी संघर्ष में बदल गई। विवाद के दौरान चली गोली से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और लोगों की भारी भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। मृतक की पहचान बंगाली टोला निवासी सुनील कुमार के 20 वर्षीय पुत्र आदर्श कुमार उर्फ पुक्कू के रूप में हुई है.
मिली जानकारी के अनुसार, आदर्श बुधवार रात अपने मोहल्ले में था, तभी अज्ञात हमलावरों ने उस पर गोली चला दी. गोली उसके बाएं सीने में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना इंस्पेक्टर अमित गुप्ता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए साहिबगंज सदर अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल में चिकित्सकों ने उसका इलाज शुरू किया, लेकिन जांच के दौरान डॉ. मुकेश कुमार ने उसे मृत घोषित कर दिया.
इसे भी पढ़ें: शिक्षा विभाग में 40 अफसरों का तबादला, सच्चिदानंद द्विवेंदु तिग्गा बने जैक सचिव, वसीम अहमद रांची के बने डीईओ
इधर घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। प्रारंभिक जांच में मामला आपसी रंजिश का बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।




