जमशेदपुर : चर्चित डबल डाउन बार हत्याकांड अब पूरी तरह राजनीतिक रंग ले चुका है। एक ओर भारतीय जनता पार्टी ने कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर 3 जुलाई को जमशेदपुर बंद का एलान किया है, वहीं दूसरी ओर झारखंड मुक्ति मोर्चा ने भाजपा पर पलटवार करते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। दोनों दलों के बीच सोशल मीडिया पर आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी तेज हो गया है।
Highlights:
इसे भी पढ़ें : एहतेशाम वकारिब जमशेदपुर के नये SSP और मनोज स्वर्गियारी सरायकेला-खरसावां के बने नये SP, तत्काल योगदान का निर्देश
भाजपा ने कहा है कि जमशेदपुर की जघन्य घटना ने पूरे झारखंड को झकझोर दिया है। पुलिस की मौजूदगी में हुई वारदात राज्य की बिगड़ती कानून-व्यवस्था का प्रमाण है। भाजपा ने घोषणा की है कि घटना के विरोध में मशाल जुलूस निकाला जाएगा और 3 जुलाई को जमशेदपुर पूरी तरह बंद रखा जाएगा। पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार नहीं चेती तो आंदोलन पूरे राज्य तक फैलाया जाएगा।
झामुमो का पलटवार
वहीं, झामुमो ने भाजपा के बंद के आह्वान पर तीखा हमला बोला है। पार्टी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दावा किया कि डबल डाउन बार के मालिक भाजपा के व्यावसायिक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक नीरज सिंह हैं। झामुमो ने आरोप लगाया कि महिलाओं से छेड़छाड़ का विरोध करने वाले युवकों को निशाना बनाया गया।
पार्टी ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने घटना के बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए बार को सील कराया, लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों को निलंबित किया और पूरे मामले की निगरानी स्वयं कर रहे हैं। झामुमो ने भाजपा से सवाल किया कि यदि नीरज सिंह समेत अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज है तो उनकी गिरफ्तारी की मांग पार्टी खुलकर क्यों नहीं कर रही है। साथ ही आरोप लगाया कि भाजपा अपने नेताओं को बचाने का प्रयास कर रही है।




