नई दिल्ली: राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने देश की सुरक्षा से जुड़े एक बड़े आतंकी नेटवर्क के खिलाफ व्यापक कार्रवाई शुरू की है। एजेंसी की टीमों ने उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार और महाराष्ट्र में एक साथ छापेमारी की। कुल 12 ठिकानों पर चल रही इस कार्रवाई में कई संदिग्ध लोगों और उनके संपर्कों की जांच की जा रही है।
Highlights:
जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई पाकिस्तान से जुड़े ऑपरेटिव जसवीर चौधरी और उसके नेटवर्क के खिलाफ की जा रही है। जांच एजेंसियों को शक है कि यह नेटवर्क ड्रोन के जरिए भारत में हथियार, गोला-बारूद और आईईडी (IED) की तस्करी करने की साजिश में शामिल था। एजेंसियां इस पूरे नेटवर्क के विदेशी कनेक्शन की भी जांच कर रही हैं।
Air Now के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें:-
चार राज्यों में चल रही छापेमारी
एनआईए की टीमें उत्तर प्रदेश में पांच, राजस्थान में दो, बिहार में दो और महाराष्ट्र में तीन स्थानों पर जांच कर रही हैं। छापेमारी के दौरान डिजिटल डिवाइस, मोबाइल फोन, लैपटॉप, दस्तावेज और अन्य संदिग्ध सामग्रियों की जांच की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार कई महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगने की संभावना है। सूत्रों के मुताबिक यह नेटवर्क भारत-पाकिस्तान सीमा के रास्ते ड्रोन का इस्तेमाल कर हथियार और विस्फोटक सामग्री भारत में पहुंचाने की योजना बना रहा था। जांच में यह भी सामने आया है कि इन हथियारों का इस्तेमाल पंजाब, दिल्ली और देश के अन्य हिस्सों में बड़े आतंकी हमलों के लिए किया जा सकता था।
देश में दहशत फैलाने की थी योजना
जांच एजेंसियों का मानना है कि इस साजिश का उद्देश्य देश में दहशत फैलाना और आम नागरिकों की जान-माल को नुकसान पहुंचाना था। सुरक्षा एजेंसियां इस नेटवर्क से जुड़े सभी लोगों की पहचान करने और उनकी गतिविधियों का पता लगाने में जुटी हैं। एनआईए और अन्य सुरक्षा एजेंसियां मामले को बेहद गंभीरता से लेकर जांच कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि छापेमारी पूरी होने के बाद कई अहम खुलासे हो सकते हैं। फिलहाल सभी संदिग्ध गतिविधियों और संपर्कों की गहन जांच जारी है।
यह भी पढ़ें: फैसलों में देरी पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, कहा- फैसला सुरक्षित रखने वाले मामले में तीन महीने में हाई कोर्ट सुनाएं फैसला


