रांची : झारखंड में अगले महीने होने वाले मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत शनिवार को राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर अनमैप्ड मतदाताओं की सूची प्रकाशित की गई। इस सूची में उन वर्तमान मतदाताओं के नाम हैं, जिनका मिलान वर्ष 2003 की मतदाता सूची से अभी तक नहीं हो सका है। यह सूची दो सप्ताह तक मतदान केंद्रों पर उपलब्ध रहेगी। इस दौरान वैसे मतदाता, जो झारखंड के निवासी हैं, तो जरूर इसमें अपना नाम चेक कर लें।
Highlights:
इसे भी पढ़ें : पलामू में भूमि विवाद में खूब चला लाठी-डंडा और हुई फॉयरिंग, एक की मौत व पांच अन्य घायल
सूची देखने आ रहे मतदाता
अनमैप्ड मतदाता सूची जारी होते ही सभी मतदान केंद्रों पर इस सूची को देखने के लिए शनिवार सुबह से ही लोग आ रहे हैं और अपना नाम जांच रहे है। जिन मतदाताओं का नाम अन मैप्ड मतदाता सूची में मिल रहा है वे अपना विवरण साझा करते हुए बीएलओ से मतदाता सूची में अपनी मैपिंग करवा रहे हैं। बता दें कि जिन मतदाताओं का नाम पहले से ही मैप्ड रहेगा उन्हें एसआईआर में किसी भी प्रकार के अन्य दस्तावेज नहीं समर्पित करने होंगे।
राज्य में 23 मई से अगले 2 हफ्ते तक सभी मतदान केंद्रों पर अन मैप्ड मतदाता सूची प्रकाशित रहेगी। मतदाता इस सूची में सुविधानुसार अपने मतदान केंद्र जाकर अवलोकन कर सकतें हैं, यदि आपका भी नाम इस अन मैप्ड सूची में है तो अपने बीएलओ से संपर्क करते हुए विगत गहन पुनरीक्षण के मतदाता सूची से अपनी मैपिंग करा सकते हैं।
सूची में नाम नहीं तो…
अनमैप्ड मतदाताओं की सूची में किसी मतदाता का नाम नहीं है, तो इसका मतलब है कि उसकी मैपिंग वर्ष 2003 की मतदाता सूची से हो चुकी है। उसे SIR के दौरान कोई दस्तावेज या घोषणापत्र देना नहीं होगा। उसे सिर्फ गणना प्रपत्र भरकर बीएलओ को देना होगा।
यदि शनिवार से प्रकाशित होने वाली सूची में नाम है, तो उसे वर्ष 2003 की मतदाता सूची से मैपिंग बीएलओ के माध्यम से करानी होगी। साथ ही SIR के दौरान घोषणापत्र के साथ निर्धारित दस्तावेज देना होगा।
हर मतदान केंद्र पर मिलेगी लिस्ट
इधर, राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रविकुमार ने सभी मतदाताओं से शनिवार से अपने मतदान केंद्र पर प्रकाशित अनमैप्ड मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि राज्य के सभी विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक मतदान केंद्रों पर शनिवार से अगले दो सप्ताह तक यह सूची प्रदर्शित की जाएगी। इस सूची में अनमैप्ड मतदाता के साथ साथ उनके बीएलओ का नाम एवं फोन नंबर भी उपलब्ध रहेगा, ताकि कोई मतदाता उनसे संपर्क कर सकें।
73 प्रतिशत मतदाताओं की हुई है मैपिंग
SIR की पूर्व गतिविधियों के तहत अभी तक वर्तमान मतदाता सूची में दर्ज लगभग 73 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग वर्ष 2003 की मतदाता सूची से हो चुकी है। शेष 27 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग अभी नहीं हुई है। इनका ही नाम अनमैप्ड सूची सूची में रहेगा। ये मतदाता अभी भी अपने नाम की मैपिंग करा सकेंगे।
किस जिले में कितने मतदाताओं का पिछली सूची से हो चुका है मिलान
| जिला | कुल मतदाता | मैपिंग नहीं हुई | प्रतिशत (%) |
|---|---|---|---|
| साहिबगंज | 8,80,447 | 1,88,532 | 78.59 |
| पाकुड़ | 8,49,998 | 1,27,484 | 85.00 |
| दुमका | 9,89,743 | 1,79,520 | 81.86 |
| जामताड़ा | 5,70,617 | 1,11,756 | 80.41 |
| देवघर | 11,34,365 | 2,57,995 | 77.26 |
| गोड्डा | 9,66,607 | 1,91,981 | 80.14 |
| कोडरमा | 4,08,558 | 87,946 | 78.47 |
| हजारीबाग | 16,31,295 | 4,42,816 | 72.85 |
| रामगढ़ | 7,55,776 | 2,27,670 | 69.88 |
| चतरा | 8,03,299 | 1,55,224 | 80.68 |
| गिरिडीह | 21,11,349 | 4,56,283 | 78.39 |
| बोकारो | 15,33,927 | 4,86,122 | 68.31 |
| धनबाद | 21,13,747 | 8,06,066 | 61.87 |
| पूर्वी सिंहभूम | 19,06,188 | 6,31,859 | 66.85 |
| सरायकेला-खरसावां | 8,93,296 | 29,735 | 74.28 |
| पश्चिमी सिंहभूम | 10,84,231 | 2,67,389 | 75.34 |
| रांची | 26,71,613 | 10,86,363 | 59.34 |
| खूंटी | 4,30,422 | 96,241 | 77.64 |
| गुमला | 8,07,509 | 1,70,164 | 78.93 |
| सिमडेगा | 4,58,250 | 85,513 | 81.34 |
| लोहरदगा | 2,93,443 | 43,341 | 85.23 |
| लातेहार | 5,62,199 | 1,32,808 | 76.38 |
| पलामू | 17,68,526 | 4,25,002 | 75.97 |
| गढ़वा | 8,62,254 | 1,96,992 | 77.15 |
| कुल | 2,64,87,659 | 70,84,802 | 73.25 |


