स्पोर्ट्स डेस्क: आईपीएल 2026 में नियमों का उल्लंघन करना गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल को भारी पड़ गया। दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले के बाद स्लो ओवर-रेट के कारण उन पर जुर्माना लगाया गया है। आईपीएल की ओर से जारी मीडिया एडवाइजरी के अनुसार, गुजरात टाइटंस ने मैच के दौरान निर्धारित समय में अपने पूरे 20 ओवर नहीं फेंके। यह इस सीजन में टीम की पहली गलती थी, जिसके चलते आईपीएल के कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.22 के तहत कप्तान शुभमन गिल पर 12 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया।
Highlights:
रोमांचक मुकाबले में गुजरात की जीत
इस मैच में गुजरात टाइटंस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दिल्ली कैपिटल्स को एक रन से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात ने 210 रन बनाए। जवाब में दिल्ली की टीम 209 रन ही बना सकी और मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। यह इस सीजन में गुजरात की पहली जीत भी रही। गुजरात टाइटंस अब अपना अगला मैच लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ लखनऊ में रविवार को खेलेगी। वहीं दिल्ली कैपिटल्स की टीम शनिवार को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ चेन्नई में मैदान पर उतरेगी।
क्या होता है स्लो ओवर-रेट?
आईपीएल में हर टीम को तय समय के भीतर अपने 20 ओवर पूरे करने होते हैं। आमतौर पर एक पारी करीब 90 मिनट में खत्म होनी चाहिए। अगर कोई टीम समय से पीछे रहती है, तो उसे स्लो ओवर-रेट का दोषी माना जाता है। स्लो ओवर-रेट के नियमों के तहत पहली बार गलती करने पर कप्तान पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया जाता है। दूसरी बार गलती होने पर कप्तान पर 24 लाख रुपये का जुर्माना और बाकी खिलाड़ियों पर भी मैच फीस का कुछ हिस्सा काटा जाता है। वहीं तीसरी बार ऐसा होने पर कप्तान पर भारी जुर्माने के साथ एक मैच का प्रतिबंध भी लगाया जा सकता है। आईपीएल में मैच की गति बनाए रखने के लिए इन नियमों को सख्ती से लागू किया जाता है। मैच रेफरी लगातार ओवर की गति पर नजर रखते हैं, ताकि खेल समय पर पूरा हो सके और दर्शकों को बेहतर अनुभव देखने को मिले।
Air Now के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें:-
यह भी पढ़ें: गुरुग्राम में न्यूनतम वेतन बढ़ाने की मांग कर रहे हड़ताली कर्मचारियों पर लाठीचार्ज
Air Now के यूट्यूब चैनल को देखने के लिए यहां क्लिक करें:-


