रांची : झारखंड प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष रमा खलखो ने सोमवार को संवाददाता सम्मेलन के दौरान भाजपा के दागी विधायकों और सांसदों के बहाने जमकर हमला बोला। उन्होंने पूछा कि गोवा में भाजपा पार्षद के बेटे ने बड़ी संख्या में नाबालिग बच्चियों को हवस का शिकार बनाया, कोई कार्रवाई नहीं हुई। भाजपा के 44 विधायकों और सांसदों पर दुष्कर्म व यौन उत्पीड़न जैसे गंभीर आरोप हैं, लेकिन इसके बावजूद पार्टी उन आरोपियों को राजनीतिक संरक्षण दे रही है।
इसे भी पढ़ें : झारखंड उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा 12 अप्रैल को, 9 से अभ्यर्थी डाउनलोड कर सकेंगे एडमिट कार्ड
कांग्रेस मुख्यालय में प्रेस वार्ता के दौरान रमा खलखो ने कहा कि गोवा से लेकर उत्तराखंड, महाराष्ट्र और अन्य राज्यों में सामने आए मामलों से एक पैटर्न दिखता है, जिसमें सत्ता के दबाव में भाजपा नेताओं पर कार्रवाई नहीं होती। भाजपा नेता सुब्रह्मण्यम स्वामी द्वारा अपनी ही पार्टी के नेतृत्व पर लगाए गए गंभीर आरोपों के हवाले से रमा ने कहा कि सार्वजनिक रूप से महिलाओं को लेकर आपत्तिजनक व गंभीर बातें सामने आई हैं, लेकिन सरकार की ओर से अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
उन्होंने कहा की सुब्रमण्यम स्वामी के आरोप अत्यंत गंभीर हैं। रमा खलखो ने कहा कि कुख्यात यौन अपराधी जेफरी एपस्टीन से जुड़ी फाइल्स में मोदी सरकार के मंत्री हरदीप पुरी का नाम आया है। उन्होंने खुद माना कि वो एपस्टीन से मिले थे, लेकिन संसद में इस बात पर कोई चर्चा नहीं हो रही है।
महाराष्ट्र का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां एक स्वयंभू धर्मगुरु अशोक खरात पर 58 महिलाओं के साथ यौन शोषण और आपत्तिजनक वीडियो बनाने के आरोप हैं। उन्होंने एक वीडियो दिखाते हुए कहा कि महाराष्ट्र महिला आयोग की अध्यक्ष रूपाली चाकणकर खरात के पैर धोती दिख रही हैं।वीडियो वायरल होने के बाद उन्हें इस्तीफा देना पड़ा। उत्तराखंड के चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव दुष्यंत गौतम का नाम सामने आ रहा है, लेकिन सीबीआई जांच को दबाया जा रहा है।
उन्नाव कांड के आरोपी कुलदीप सेंगर का नाम लेते हुए कहा कि भाजपा हमेशा अपने दागी नेताओं के साथ खड़ी नजर आती है। हालांकि रमा अपनी पार्टी के सांसदों पर लगे गंभीर आरोपों पर कुछ नहीं बोली। जबकि एडीआर की रिपोर्ट में कांग्रेस कई सांसद भी आरोपों के घेरे में हैं।


