सरायकेला : भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो यानी एसीबी ने सोमवार को सरायकेला के भूमि सुधार उपसमाहर्ता कार्यालय में छापेमारी कर लिपिक प्रीतम आचार्य को गिरफ्तार किया. इस दौरान एक दलाल भी एसीबी के हत्थे चढ़ा, जिसके पास से पांच लाख रुपये बतौर रिश्वत भी बरामद किया गया है. मिली जानकारी के अनुसार यह मामला जमीन मुआवजा से जुड़ा है.
इसे भी पढ़ें : झामुमो ने असम विधानसभा चुनाव में उतारे 21 उम्मीदवार, जारी की सूची
बताया जा रहा है कि मामले के निपटारे और पक्ष में रिपोर्ट देने के एवज में पीड़ित गुरुचरण सिंह सरदार से कुल 40 लाख रुपये की मांग की थी. सौदा तय होने के बाद, सोमवार को वादी रिश्वत की पहली किस्त के रूप में पांच लाख रुपये लेकर पहुंचा था. जैसे ही उसने कार्यालय के समीप कर्मी और दलाल को नोटों की गड्डी थमाई, पहले से जाल बिछाकर बैठी एसीबी की टीम ने दोनों को दबोच लिया.
एसीबी की इस अचानक कार्रवाई से सरायकेला कलेक्ट्रेट और एलआरडीसी कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. गिरफ्तारी के बाद टीम दोनों आरोपियों को अपने साथ जमशेदपुर स्थित कार्यालय ले गई है, जहां उनसे आगे की पूछताछ की जा रही है.


