न्यूज डेस्क: पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के पर्सनल असिस्टेंट (PA) चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में बंगाल CID को बड़ी सफलता मिली है। मामले में बिहार और उत्तर प्रदेश से तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को अब पश्चिम बंगाल ले जाया गया है, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है।
Highlights:
Air Now के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें:-
बिहार और यूपी से हुई गिरफ्तारी
बंगाल CID के अनुसार बिहार के बक्सर से मयंक राज मिश्रा और विक्की मौर्य को हिरासत में लिया गया, जबकि उत्तर प्रदेश के बलिया से राज सिंह को पकड़ा गया। तीनों को रविवार रात हिरासत में लिया गया था और सोमवार सुबह औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया गया। जांच एजेंसी के मुताबिक राज सिंह एक शार्प शूटर है और हत्या में उसकी अहम भूमिका हो सकती है।
चुनाव नतीजों के दो दिन बाद हुई थी हत्या
42 वर्षीय चंद्रनाथ रथ की 6 मई को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। यह वारदात पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के मध्यमग्राम इलाके में हुई थी। बताया गया कि हमलावरों ने पहले रथ की कार को रोका और फिर उन पर कई राउंड फायरिंग कर दी। गोली लगने से चंद्रनाथ रथ की मौके पर ही मौत हो गई। उन्हें सीने और पेट में तीन गोलियां लगी थीं।
सुपारी किलर्स के शामिल होने की आशंका
पश्चिम बंगाल पुलिस ने शुरुआती जांच में इस हत्या को सुनियोजित साजिश बताया था। पुलिस का कहना है कि वारदात को प्रोफेशनल तरीके से अंजाम दिया गया, जिससे सुपारी किलर्स के शामिल होने की आशंका मजबूत हुई। जांच एजेंसियां हत्या के पीछे की साजिश और इसके मास्टरमाइंड तक पहुंचने की कोशिश कर रही हैं।
फर्जी नंबर प्लेट वाली कार और बाइक बरामद
जांच के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध कार बरामद की है, जिससे चंद्रनाथ रथ की स्कॉर्पियो का पीछा किया गया था। पुलिस के अनुसार कार की नंबर प्लेट फर्जी थी और उसका चेसिस व इंजन नंबर भी मिटा दिया गया था। इसके अलावा हमले में इस्तेमाल की गई दो बाइकों में से एक बाइक घटनास्थल से करीब 4 किलोमीटर दूर एक चाय दुकान के पास मिली। उस बाइक पर भी फर्जी रजिस्ट्रेशन नंबर लगा हुआ था। दूसरी बाइक की तलाश अब भी जारी है।
एयरफोर्स अफसर से राजनीति तक का सफर
चंद्रनाथ रथ पहले भारतीय वायुसेना में अधिकारी थे। स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (VRS) लेने के बाद उन्होंने कुछ समय कॉर्पोरेट सेक्टर में काम किया और बाद में राजनीति में सक्रिय हो गए। जब सुवेंदु अधिकारी तृणमूल कांग्रेस में थे, तभी से चंद्रनाथ उनके साथ काम कर रहे थे। उन्हें सुवेंदु अधिकारी के सबसे करीबी सहयोगियों में गिना जाता था।
यह भी पढ़ें: काठमांडू एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान तुर्की एयरलाइंस के विमान के टायर में लगी आग, टला बड़ा हादसा
चुनावी रणनीति में निभाई थी अहम भूमिका
साल 2019 में चंद्रनाथ रथ आधिकारिक रूप से सुवेंदु अधिकारी की टीम का हिस्सा बने थे। उस समय सुवेंदु ममता बनर्जी सरकार में मंत्री थे। हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में भवानीपुर सीट पर सुवेंदु अधिकारी के चुनाव अभियान की जिम्मेदारी भी चंद्रनाथ रथ ने संभाली थी। इसी सीट पर सुवेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी को करीब 15 हजार वोटों से हराया था।


