नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर के मेट्रो यात्रियों के लिए मंगलवार की शाम बेहद परेशानी भरी रही। दिल्ली मेट्रो की सबसे व्यस्त लाइनों में से एक ब्लू लाइन पर आई तकनीकी खराबी के कारण हजारों यात्री ऑफिस से घर लौटते समय स्टेशनों पर ही फंस गए।
Highlights:
इस खराबी की वजह से आनंद विहार से वैशाली के बीच मेट्रो सेवा को पूरी तरह रोकना पड़ा, जिससे स्टेशनों पर यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। परेशान यात्रियों ने सोशल मीडिया पर दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) के खिलाफ अपनी नाराजगी भी जाहिर की।
शाम 5 बजे से शुरू हुई समस्या, OHE खराबी ने रोका पहिया
मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम लगभग 5:00 बजे ब्लू लाइन पर आनंद विहार से वैशाली के बीच तकनीकी दिक्कत की शुरुआत हुई। देखते ही देखते स्टेशनों पर यात्रियों की लंबी कतारें लग गईं।
-
DMRC की पहली एडवाइजरी: दिल्ली मेट्रो रेल निगम ने शाम लगभग 5:15 बजे ‘एक्स’ (पहले ट्विटर) पर पोस्ट जारी कर यात्रियों को सूचित किया कि तकनीकी खराबी के कारण आनंद विहार से वैशाली के बीच ट्रेनें देरी से चल रही हैं।
-
सेवाएं पूरी तरह ठप: इसके ठीक एक घंटे बाद, डीएमआरसी ने एक और अपडेट जारी करते हुए बताया कि ओएचई (Overhead Equipment – बिजली आपूर्ति लाइन) में बड़ी खराबी आने के कारण इन दोनों स्टेशनों के बीच मेट्रो सेवा को अस्थाई रूप से पूरी तरह बंद कर दिया गया है।
इन मेट्रो स्टेशनों पर बढ़ी भारी भीड़, यात्री परेशान
आनंद विहार और वैशाली रूट बाधित होने का असर पूरी ब्लू लाइन पर देखने को मिला। इंद्रप्रस्थ, यमुना बैंक सहित वैशाली और नोएडा की तरफ आने-जाने वाले सभी प्रमुख इंटरचेंज स्टेशनों पर यात्रियों का हुजूम उमड़ पड़ा। चूंकि ब्लू लाइन दिल्ली को गाजियाबाद और नोएडा से जोड़ती है, इसलिए पीक आवर्स (शाम के समय) में यहाँ स्थिति और गंभीर हो गई।
यह भी पढ़ें: क्या E20 पेट्रोल से गाड़ी खराब होगी? सुप्रीम कोर्ट में सरकार ने दिया बड़ा जवाब, कहा ‘नतीजे अगले साल’
मेट्रो स्टेशनों पर फंसे यात्रियों का कहना है कि कुछ दिनों पहले भी सिग्नल की समस्या के कारण ब्लू लाइन घंटों प्रभावित रही थी और अब फिर से सेवा बाधित हो गई है। यात्रियों ने इस बात पर भी गुस्सा जताया कि डीएमआरसी द्वारा समय पर सटीक जानकारी नहीं दी गई, जिसके कारण जो लोग स्टेशनों के अंदर प्रवेश कर गए, वे बुरी तरह फंस गए।
डीएमआरसी के तकनीकी दल ओएचई की खराबी को दुरुस्त करने में जुटे हैं, ताकि जल्द से जल्द इस रूट पर ट्रेनों का परिचालन सामान्य किया जा सके।
यह खबर भी देखें:





