न्यूज डेस्क : पलामू जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज हत्या की घटना सामने आई है। पाटन रोड स्थित नगदारा के पास बुधवार रात करीब 10 बजे चिल्हो खुर्द निवासी उदय सिंह की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। मिली जानकारी के अनुसार, उदय सिंह गांव में प्राथमिक चिकित्सा का कार्य करते थे।
Highlights:
इधर घटना की सूचना मिलते ही छतरपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस हत्या के कारणों और आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है। मामले में सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। वहीं घटना को लेकर क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
इसे भी पढ़ें : यूपी के हमीरपुर में बेतवा नदी पर निर्माणाधीन पुल ढहा, 6 मजदूरों की हुई मौत, 3 अन्य घायल
लातेहार में 6 गिरफ्तार
लातेहार पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 29 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ एक नाबालिग समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में सोनू सिंह उर्फ भगत, रितेश सिंह (दोनों इचाक, लातेहार), छत्तीस सिंह (करमाही जालिम), तवासीर खान तथा फैजान खान (पतरातू, लातेहार) शामिल हैं। सभी आरोपियों की उम्र 19 से 23 वर्ष के बीच बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव के निर्देश पर एसडीपीओ संदीप कुमार गुप्ता के नेतृत्व में की गई कार्रवाई में गिरफ्तार आरोपियों को गुरुवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया, जबकि एक नाबालिग को बाल सुधार गृह भेजा गया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से अलग-अलग 29 पुड़िया में कुल 5.73 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की है। इसके अलावा दो मोटरसाइकिल, एक स्कूटी, 14,140 रुपये नकद और मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। बरामद ब्राउन शुगर की कीमत करीब 30 से 40 हजार रुपये आंकी गई है। इस संबंध में एसडीपीओ संदीप कुमार गुप्ता ने कहा कि जिले में नशे के कारोबार को समाप्त करना पुलिस की प्राथमिकता है और इसके खिलाफ लगातार अभियान चलाया जाएगा।


