अल्मोड़ा: उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के देघाट क्षेत्र में रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अनियंत्रित होकर पलटी ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे दबने से एक ही गांव के दो युवकों की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा देघाट क्षेत्र के चिन्तोली गांव में हुआ, जहां अचानक ट्रैक्टर-ट्रॉली संतुलन खोकर सड़क पर पलट गई। हादसे के समय ट्रॉली में सवार युवक उसके नीचे दब गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
Highlights:
स्थानीय लोगों ने शुरू किया रेस्क्यू
घटना के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। ट्रॉली के नीचे फंसे युवकों को निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। ग्राम प्रहरी चंदन सिंह ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही देघाट थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। सभी घायलों को ट्रॉली से बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देघाट भेजा गया।
दो युवकों की मौके पर मौत
अस्पताल में डॉक्टरों ने 24 वर्षीय दर्शन सिंह और 24 वर्षीय चंदन सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं गोपाल सिंह (24) और नरेंद्र सिंह (18) गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है। पुलिस के अनुसार हादसे में शामिल चारों युवक चिन्तोली गांव के ही रहने वाले थे। एक ही गांव के दो युवकों की मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर है।
यह भी पढ़ें: TVK ने जारी की सभी उम्मीदवारों की लिस्ट, दो सीटों पर चुनाव लड़ेंगे विजय थलपति
गांव में पसरा मातम
घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक साथ दो युवकों की मौत और दो के गंभीर घायल होने से गांव में गहरा दुख व्याप्त है। देघाट पुलिस ने मामले में वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। ट्रैक्टर-ट्रॉली के अनियंत्रित होने के कारणों की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर छानबीन जारी है।


