धनबाद : झरिया क्षेत्र में एलपीजी गैस संकट ने लोगों की परेशानी को गुस्से में बदल दिया है। बस्ताकोला रेस्क्यू के पास धनबाद–सिंदरी मुख्य मार्ग पर मंगलवार सुबह सैकड़ों लोग खाली सिलेंडर लेकर सड़क पर उतर आए और जाम लगा दिया। करीब आधे घंटे तक यातायात पूरी तरह ठप रहा, जिससे आम राहगीरों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
बताया जा रहा है कि पिछले तीन-चार दिनों से क्षेत्र में गैस सिलेंडर की भारी किल्लत बनी हुई है। उपभोक्ता सुबह-सुबह चौधरी गैस एजेंसी पहुंच रहे हैं, लेकिन उन्हें हर दिन निराश होकर लौटना पड़ रहा है। लोगों का आरोप है कि एजेंसी में न सिर्फ अव्यवस्था है, बल्कि कालाबाजारी भी हो रही है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि पहले बुकिंग के बाद गैस सिलेंडर घर तक पहुंचा दिया जाता था, लेकिन अब स्थिति पूरी तरह बदल गई है। उपभोक्ताओं को खुद एजेंसी के बाहर लंबी कतार में लगना पड़ रहा है। कई लोगों ने यह भी दावा किया कि उन्होंने चार से पांच दिन पहले ही भुगतान कर दिया, इसके बावजूद उन्हें सिलेंडर नहीं मिला।
मंगलवार को जब करीब 11 बजे तक एजेंसी नहीं खुली, तो लोगों का धैर्य टूट गया और उन्होंने मुख्य सड़क जाम कर दी। इससे धनबाद–सिंदरी मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर किसी तरह जाम समाप्त कराया। हालांकि, प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही गैस की आपूर्ति सामान्य नहीं हुई, तो वे और उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे।


