देवघर: रिखिया थाना क्षेत्र में सिर कटा शव मामले में पुलिस ने दो महिलाओं समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से हत्या में प्रयुक्त हथियार, वाहन और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से इस वारदात को अंजाम दिया था। गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
बीते 16 मार्च को रिखिया थाना अंतर्गत ग्राम ठाठी स्थित देवान बाबा मैदान में एक अज्ञात व्यक्ति का सिर कटा शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली थी। मामले के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर) के नेतृत्व में विशेष जांच दल यानी एसआईटी का गठन किया गया। एसआईटी टीम ने घटनास्थल का वैज्ञानिक एवं फॉरेंसिक तरीके से निरीक्षण किया और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर शव की पहचान की।
जांच के क्रम में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो महिला एवं एक पुरुष आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में बबीता देवी ,पायल राउत ,संजीव कुमार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त दो स्कूटी, एक कार, धारदार हथियार, मृतक का आईफोन मोबाइल, खून से सना काला टोपी तथा तीनों आरोपियों के मोबाइल फोन बरामद किए हैं।


