लखनऊ: लखनऊ में 7 मार्च से प्रस्तावित लखनऊ प्रीमियर लीग (LPL) शुरू होने से पहले ही विवादों में घिर गई है। ऑक्शन के बाद लोकल खिलाड़ियों को मौका नहीं मिलने से नाराज क्रिकेट प्लेयर एसोसिएशन से जुड़े खिलाड़ियों ने शनिवार को जोरदार प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों ने लखनऊ क्रिकेट एसोसिएशन (LCA) और लखनऊ प्रीमियर लीग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। प्रदर्शन कर रहे खिलाड़ी क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ लखनऊ (CAL) के कार्यालय पहुंच गए। खिलाड़ियों की भीड़ को देखते हुए बीबीडी बैडमिंटन एकेडमी का गेट बंद कर दिया गया। इस दौरान माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया। खिलाड़ियों ने लखनऊ क्रिकेट एसोसिएशन के प्रमुख नवनीत सहगल और खलीक अहमद के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
Highlights:
क्या है आरोप
प्रदर्शन कर रहे खिलाड़ियों का कहना है कि लखनऊ प्रीमियर लीग में दूसरे जिलों के खिलाड़ियों को प्राथमिकता दी गई है, जबकि लखनऊ के योग्य और मेहनती खिलाड़ियों को मौका नहीं दिया गया। खिलाड़ियों का आरोप है कि वर्षों से लखनऊ की लीग में खेल रहे प्रतिभाशाली क्रिकेटरों को बाहर कर दिया गया है। खिलाड़ियों को समझाने के लिए लीग के कमिश्नर एस.पी. मिश्र मौके पर पहुंचे और बातचीत की कोशिश की। हालांकि, बातचीत के दौरान खिलाड़ियों और कमिश्नर के बीच कहासुनी हो गई। स्थिति बिगड़ने पर कमिश्नर को वहां से लौटना पड़ा। इस दौरान खिलाड़ी उनके पीछे-पीछे नारेबाजी करते हुए सड़क तक पहुंच गए। प्रदर्शन में खिलाड़ियों के परिजन भी शामिल हुए।
खिलाड़ियों की प्रमुख मांगें
प्रदर्शन कर रहे खिलाड़ियों ने अपनी मांगों को साफ तौर पर रखा। लखनऊ प्रीमियर लीग से बाहरी जिलों के 55 खिलाड़ियों को बाहर किया जाए। क्रिकेट एसोसिएशन लखनऊ की लीग एबीसी में खेलने वाले प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को LPL में मौका दिया जाए। लखनऊ प्रीमियर लीग की चयन प्रक्रिया और ऑक्शन दोबारा कराया जाए। हर फ्रेंचाइजी को 18 से 20 खिलाड़ियों को रखने की अनुमति दी जाए। एक टीम में दूसरे जिलों के अधिकतम दो खिलाड़ियों को ही शामिल किया जाए। पिछले तीन साल से CAL की लीग में खेल रहे खिलाड़ियों को ही LPL में खेलने का अधिकार मिले। टीम के स्क्वाड में 15 खिलाड़ियों को अनिवार्य रूप से रखा जाए। लीग के तहत दो ग्रुप बनाए गए हैं। प्रत्येक टीम को अपने स्क्वाड में 15 खिलाड़ी रखने होंगे। ऑक्शन में खिलाड़ियों की न्यूनतम बोली 5 हजार रुपए और अधिकतम 1.25 लाख रुपए तय की गई है। यदि बोली बराबर होती है तो व्हील के जरिए टीम का चयन किया जाएगा।
6 मार्की खिलाड़ी भी होंगे शामिल
लखनऊ क्रिकेट एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुजय त्रिपाठी ने बताया कि आईपीएल और यूपी टी-20 में उत्तर प्रदेश से खेलने वाले 6 खिलाड़ी बतौर मार्की प्लेयर लखनऊ प्रीमियर लीग में हिस्सा लेंगे। इनमें जीशान अंसारी, नमन तिवारी, अंश यादव, विप्रज निगम, उपेंद्र यादव और कृतज्ञ कुमार सिंह शामिल हैं। इन खिलाड़ियों की कीमत डेढ़ लाख रुपए तय की गई है और ये स्टार प्लेयर के रूप में टीमों में शामिल होंगे। फिलहाल प्रदर्शन के बाद मामला और गरमा गया है। लोकल खिलाड़ी अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं, वहीं क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से अब तक कोई ठोस निर्णय सामने नहीं आया है। ऐसे में LPL की शुरुआत से पहले विवाद सुलझता है या नहीं, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।


