रांची: झारखंड में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में बारिश, तेज हवा और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। आने वाले दिनों में तापमान में उतार-चढ़ाव के साथ मौसम कई बार करवट ले सकता है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।
Highlights:
मौसम विभाग के अनुसार आज यानी 29 मार्च को राज्य के उत्तर-पूर्वी इलाकों में कहीं-कहीं गरज के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है। साथ ही वज्रपात का खतरा भी बना रहेगा। विभाग ने लोगों को खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह ही है।
30 मार्च को मौसम रहेगा शुष्क
30 मार्च को राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि इस दिन अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि हो सकती है, जिससे दिन में हल्की गर्मी महसूस होगी। 31 मार्च को राज्य के ज्यादातर जिलों में एक बार फिर मौसम करवट लेगा। रांची, हजारीबाग, धनबाद, बोकारो, देवघर, पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम समेत कई जिलों में गरज के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है। मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
1 अप्रैल को दक्षिणी झारखंड में असर
1 अप्रैल को दक्षिणी झारखंड के कुछ हिस्सों में भी तेज हवा और गर्जन के साथ बारिश के संकेत मिले हैं। इससे मौसम में ठंडक बनी रह सकती है। राज्य में 29 और 30 मार्च के दौरान तापमान में बढ़ोतरी देखी जा सकती है। शनिवार को मेदिनीनगर सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं रांची में 32.2 और जमशेदपुर में 34.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
यह भी पढ़ें: कोडरमा में जंगली हाथियों का कहर, महुआ चुनने गई महिला को कुचलकर मार डाला
पिछले 24 घंटे में कई जगह बारिश
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में आंधी और बारिश दर्ज की गई। संताल परगना के राजमहल में सबसे अधिक 64 मिमी बारिश हुई। रांची, जमताड़ा, पश्चिमी सिंहभूम, हजारीबाग और रामगढ़ में भी तेज हवा के साथ बारिश हुई, जिससे तापमान में 2 से 4 डिग्री की गिरावट आई। मौसम विभाग के अनुसार बंगाल और ओडिशा क्षेत्र में बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन का प्रभाव झारखंड पर पड़ रहा है।
इसके कारण अगले पांच दिनों तक राज्य में आंधी और बारिश की स्थिति बनी रह सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। विशेष रूप से खराब मौसम के दौरान घरों में रहने, खुले स्थानों से बचने और बिजली गिरने के खतरे को देखते हुए सुरक्षित स्थान पर रहने की अपील की गई है।


