नई दिल्ली : वायनाड सांसद व कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने शुक्रवार को लोकसभा में महिला आरक्षण कानून 2023 से जुड़े 131वें संविधान संशोधन विधेयक के वोटिंग के दौरान गिरने के बाद शनिवार को प्रेस कांफ्रेंस किया। इस दौरान महिला आरक्षण से जुड़े घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने इसे लोकतंत्र की बड़ी जीत बताया है. उन्होंने कहा कि सत्ता में बने रहने के लिए साजिश की गई. कल लोकतंत्र की बड़ी जीत हुई, सरकार की साजिश नाकाम हुई.
Highlights:
उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से संघीय ढांचे को कमजोर करने की कोशिश को विपक्ष ने एकजुट होकर रोक दिया. प्रियंका गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरोप लगाया कि चुनावों के बीच जल्दबाजी में संसद सत्र बुलाया गया, और बिल का मसौदा सिर्फ एक दिन पहले सामने लाया गया. उन्होंने कहा, ‘यह एक सोची‑समझी साजिश थी. सरकार ने सोचा था कि बिल पास हो जाए तो भी जीत, और गिर जाए तो भी जीत.’
इसे भी पढ़ें : तमिलनाडु के वलपरई में खाई में टेम्पो ट्रैवलर के गिरने से 9 की मौत, 4 अन्य घायल
महिलाओं का मसीहा बनने की चाहत
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने सत्ता में स्थायी रूप से बने रहने के लिए महिलाओं को ढाल के रूप में इस्तेमाल करने की कोशिश की और खुद को ‘महिलाओं का मसीहा’ साबित करना चाहा. प्रियंका गांधी ने हाथरस, मणिपुर और महिला खिलाड़ियों के मुद्दे उठाते हुए कहा कि सरकार का महिला सशक्तिकरण का दावा ज़मीनी हकीकत से मेल नहीं खाता.
कांग्रेस महासचिव ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता आज सब समझती है और अब हालात पहले जैसे नहीं रहे. जनता का भरोसा लगातार उठ रहा है.’ प्रियंका गांधी ने दावा किया कि राजनीतिक प्रचार या पीआर से सच्चाई नहीं बदली जा सकती और लोग अब फैसले जागरूक होकर ले रहे हैं.
‘राजनीतिक संतुलन बदलने की कोशिश’
प्रियंका गांधी ने दावा किया कि यह प्रस्ताव असल में महिला आरक्षण नहीं, बल्कि परिसीमन से जुड़ा हुआ था. उन्होंने कहा कि इससे राजनीतिक संतुलन बदलने की कोशिश की जा रही थी. उन्होंने कहा, ‘मैं खुश हूं कि यह साफ हो गया कि विपक्ष एकजुट होकर सरकार को कैसे हराया जा सकता है.’ ‘ब्लैक डे’ को लेकर उन्होंने कहा कि यह दिन इसलिए मनाया जा रहा है क्योंकि पहली बार सरकार को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है. प्रियंका गांधी ने मांग की कि सरकार 2023 में पारित महिला आरक्षण बिल को तुरंत लागू करे, ताकि महिलाओं को वास्तविक प्रतिनिधित्व मिल सके.


