वलपरई: तमिलनाडु के पहाड़ी इलाके वलपरई में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। केरल से आए पर्यटकों से भरा एक टेम्पो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया, जिससे 9 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब वाहन वलपरई से लौट रहा था। 13वें हेयरपिन मोड़ पर चालक का संतुलन बिगड़ गया, जिससे गाड़ी फिसलकर नीचे खाई में जा गिरी और 9वें मोड़ तक लुढ़कती चली गई। हादसा बेहद खतरनाक मोड़ पर हुआ, जहां सड़क काफी घुमावदार और संकरी होती है।
Highlights:
मृतकों और घायलों की जानकारी
इस दुर्घटना में एक पुरुष और आठ महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय प्रशासन और बचाव दल ने तुरंत मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और घायलों को एंबुलेंस के जरिए पोलाची के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। जानकारी के मुताबिक, वाहन में कुल 13 लोग सवार थे, जो पेरिन्तल्मन्न (केरल) से वलपरई घूमने आए थे। हादसे के बाद इलाके में शोक और अफरा-तफरी का माहौल है।
Air Now के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें:-
क्या होता है हेयरपिन मोड़
पहाड़ी इलाकों में ऊंचाई पर चढ़ने के लिए सड़कें सीधी नहीं बनाई जा सकतीं। इसलिए इन्हें घुमावदार बनाया जाता है, ताकि वाहन धीरे-धीरे ऊपर चढ़ सकें। जहां सड़क अचानक तीखा मोड़ लेकर वापस समानांतर दिशा में मुड़ती है, उसे हेयरपिन मोड़ कहा जाता है। देश में कई जगहों पर ऐसे खतरनाक मोड़ मौजूद हैं, जिनमें कोल्ली हिल्स, सिल्क रूट, मनाली-लेह हाईवे और नैनीताल शामिल हैं।
यह भी पढ़ें: टेंडर घोटाला मामले में उमेश कुमार और अजय तिर्की को ED कोर्ट से मिली जमानत
प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री ने जताया शोक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति सहानुभूति जताई और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। वहीं, केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने भी इस घटना पर शोक जताया है।
उन्होंने अधिकारियों को घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं और प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता देने का भरोसा दिलाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर संतुलन बिगड़ने को कारण माना जा रहा है, लेकिन तकनीकी पहलुओं की भी जांच की जा रही है।


