रांची : झारखंड के गुमला जिले में तीन साल की बच्ची से दुष्कर्म करने और आरोपी से पंचायत के 20 हजार रुपए लेकर पार्टी करने का मामला सामने आया है. मीडिया में आई रिपोर्टस के अनुसार दुष्कर्म की घटना को दबाने के प्रयास के तहत गांव में पंचायत लगाकर दुष्कर्म के आरोपी पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया. इसके बाद आरोपी ने 20 हजार रुपये तत्काल दिया. उक्त राशि से पंचायत ने मांस व दारू की पार्टी मनायी. हालांकि इसी दौरान मामले की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंच पुलिस ने आरोपी सुनील लोहरा को गिरफ्तार कर लिया.
Highlights:
इसे भी पढ़ें : चेन्नई सुपर किंग्स के हेड कोच स्टीफ़न फ़्लेमिंग ने आईपीएल फ्रेंचाइजी को 18 साल बाद कहा, “अलविदा”
बताया जा रहा है कि मामला घाघरा थाना क्षेत्र का है. इस संबंध में थाना प्रभारी मोहन कुमार ने बताया कि तीन साल की बच्ची के साथ दरिंदगी का मामला सामने आने के बाद गांव वाले पंचायत के जरिए मामला दबाने का प्रयास कर रहे थे. हालांकि इस बीच मामले की जानकारी मिलने के बाद गांव पहुंच पुलिस ने पीड़िता की मां के बयान पर प्राथमिक दर्ज करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. 3 साल की मासूम से दरिंदगी का मामला शनिवार का बताया जा रहा है.
झांसा देकर घटना को अंजाम
बताया जा रहा है कि आरोपी सुनील लोहरा पीड़िता के घर शनिवार शाम को पहुंचा और इस दौरान घर में महिला अपने तीन वर्षीय बेटी के साथ अकेले थी. आरोपी ने महिला से कहा कि लाओ तुम्हारी बेटी को मैं पकड़ देता हूं. तुम अपना काम करो. इसके बाद आरोपी बच्ची को अपने साथ कमरे में ले जाकर उससे दुष्कर्म किया. जब बच्ची खून से लथपथ होकर रोने लगी तो उसकी मां भागते हुए पहुंची. इसके बाद मामला पंचायत के पास पहुंचा. रविवार को गांव में पंचायत की बैठक हुई, जिसमें आरोपी पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया.
पार्टी मना रहे आरोपी को पुलिस ने दबोचा
इधर मामले की सूचना स्थानीय लोगों से मिलने के बाद रविवार को ही जब पुलिस मौके पर पहुंची तो इस दौरान आरोपी की ओर से पंचायत को जुर्माना स्वरूप दिये गये 20 हजार रुपये से गांव में पार्टी मनायी जा रही थी. पुलिस ने पार्टी मना रहे आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया. वहीं पीड़िता बच्ची की मां के बयान पर पुलिस ने मामला दर्ज किया.


